आखिर कौन हैं सेलिना जेटली? बेटे की कब्र पर रोने से लेकर तलाक की सुनवाई तक क्यों चर्चा में हैं एक्ट्रेस?
ऑस्ट्रिया में चल रही तलाक की सुनवाई के बीच सेलिना जेटली का एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सबको झकझोर दिया… बेटे की कब्र पर पहुंचकर वह क्यों फूट-फूटकर रो पड़ीं और क्या है उस दर्द की पूरी कहानी?
बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। बीते कुछ महीने उनके लिए बेहद भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण रहे हैं। भाई की यूएई में गिरफ्तारी, तलाक की कानूनी प्रक्रिया और बच्चों से दूरी—इन सबने उनकी जिंदगी को पूरी तरह से हिला दिया है। फिलहाल सेलिना अपनी तलाक की सुनवाई के सिलसिले में ऑस्ट्रिया में मौजूद हैं, जहां उनका दर्द सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है। ऑस्ट्रिया में ही उनके दिवंगत बेटे की कब्र भी है, जहां जाकर वह बेहद भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोती नजर आईं।
सोशल मीडिया पर छलका दर्द
सेलिना जेटली ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह कब्रिस्तान में नजर आ रही हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने अपने जीवन के सबसे कठिन समय का दर्द साझा किया है। उन्होंने लिखा कि तलाक की सुनवाई के दौरान पिछले कुछ हफ्ते उनके जीवन के सबसे “ब्रूटल” और दर्दनाक रहे। सेलिना ने दावा किया कि उन्हें अपने बच्चों से मिलने और बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही है, जबकि वे उनके लिए सब कुछ हैं।
बच्चों को लेकर गंभीर आरोप
सेलिना ने आरोप लगाया कि उनके तीन बच्चों को एक सीक्रेट लोकेशन पर रखा गया है और उन्हें उनसे दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को उन्होंने जन्म दिया और जिनके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया, उनसे उन्हें दूर रखा जा रहा है।
उनका कहना है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया गया, और यहां तक कि बातचीत तक बंद कर दी गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को उनके खिलाफ प्रभावित किया जा रहा है।
निजी जिंदगी का संघर्ष
सेलिना ने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने शादी के बाद अपना देश, करियर और परिवार सब छोड़ दिया था। उन्होंने भारत से दुबई, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया तक जीवन को अपने पति के करियर और परिवार के लिए समर्पित किया
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा अपने बच्चों की परवरिश अकेले की और अपने पति के सपनों को आगे बढ़ाने में उनका साथ दिया, लेकिन बदले में उन्हें अपमान और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
तलाक और कानूनी विवाद
सेलिना ने आरोप लगाया कि तलाक की प्रक्रिया के दौरान उनकी संपत्ति और अधिकारों को लेकर भी विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार आपसी सहमति से अलग होने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार शर्तें उनके खिलाफ रखी गईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें धोखे से तलाक का नोटिस दिया गया और उनकी प्री-मैरिटल संपत्ति पर भी दबाव बनाया जा रहा है।
परिवार और पृष्ठभूमि
सेलिना जेटली ने 2010 में पीटर हाग से शादी की थी। 2012 में उन्होंने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया और बाद में फिर जुड़वां बच्चे हुए, जिनमें से एक की स्वास्थ्य समस्या के कारण मृत्यु हो गई थी। फिलहाल उनके तीन बच्चे हैं। 2024 में उनके पति द्वारा तलाक की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद यह मामला और भी गंभीर हो गया। इसके बाद सेलिना ने घरेलू हिंसा के आरोप भी लगाए थे।