रील्स पर कमेंट बना जानलेवा: युवक की गोली मारकर हत्या, पहाड़ियों में छुपे आरोपी गिरफ्तार
इंस्टाग्राम रील्स पर आपत्तिजनक कमेंट को लेकर बढ़ी रंजिश में 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले लाठियों से हमला कर युवक को गिराया और फिर देसी कट्टे से सीने पर गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी पहाड़ियों में छुप गए, लेकिन पुलिस ने 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी पहले से आदतन अपराधी है और गिरफ्तारी के बाद पछतावा जताते हुए बदमाशी छोड़ने की बात कही।
झुंझुनूं जिले में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद खूनी अंजाम तक पहुंच गया। इंस्टाग्राम रील्स पर आपत्तिजनक कमेंट करने को लेकर चली रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी पहाड़ियों में छुप गए, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यह सनसनीखेज घटना 3 अप्रैल को सिंघाना थाना क्षेत्र के ईशकपुरा गांव में हुई। मृतक की पहचान मुकेश कुमार (23) उर्फ टिंकू निवासी डूमोली कलां के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में ईशकपुरा निवासी विजय उर्फ मिंटू (26), भोदन निवासी सोमवीर (22) और नानूवाली बावड़ी निवासी अजीत भरगड़ (23) को गिरफ्तार किया है।
एक साल पुरानी रंजिश ने लिया खौफनाक मोड़
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के अनुसार, मुकेश और मुख्य आरोपी विजय के बीच करीब एक साल पहले एक शादी समारोह में विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया था। इसके बाद दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ती गई।हाल ही में इंस्टाग्राम रील्स पर दोनों के बीच आपत्तिजनक कमेंट्स का आदान-प्रदान हुआ, जिससे रंजिश और गहरी हो गई। इसी के चलते आरोपियों ने हत्या की साजिश रची।
घात लगाकर किया हमला, सीने से सटाकर मारी गोली
घटना के दिन मुकेश अपने दोस्तों से मिलने ईशकपुरा जा रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे विजय और उसके साथी सोमवीर व अजीत ने उस पर हमला कर दिया।तीनों ने पहले लाठियों से वार कर उसे बाइक से गिराया। इसके बाद विजय ने देसी कट्टा उसके सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
200 सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने पकड़ा
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित कीं। नीम का थाना, सीकर, फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ समेत कई स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सुराग जुटाए।आखिरकार सूचना मिली कि आरोपी भैसावता कलां की पहाड़ियों में छिपे हैं। टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर तीनों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के वक्त टूटा हौसला, बोला- अब बदमाशी नहीं करूंगा
गिरफ्तारी के दौरान भागते समय मुख्य आरोपी विजय का पैर फ्रैक्चर हो गया। जब पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची तो वह दर्द से कराहते हुए रोने लगा।पुलिस जीप से उतरते ही वह बार-बार कहता रहा— “अब मैं बदमाशी नहीं करूंगा।” अस्पताल में भी वह काफी देर तक रोता-बिलखता रहा।
मुख्य आरोपी आदतन अपराधी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विजय के खिलाफ पहले से चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कुल 7 मामले दर्ज हैं। वहीं अजीत पर भी मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।