जेजेएम घोटाले में बड़ा एक्शन, रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल को भेजा गया जेल
जेजेएम घोटाले में गिरफ्तार रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जांच में पुराने मोबाइल को छिपाने और सहयोग न करने के आरोप भी सामने आए हैं।
राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में गिरफ्तार रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने उनसे पूछताछ के लिए अतिरिक्त रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
एसीबी का आरोप है कि जांच के दौरान सुबोध अग्रवाल पूरा सहयोग नहीं कर रहे थे, हालांकि उनके बचाव पक्ष ने इन आरोपों को गलत बताया है।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि शिकायत दर्ज होने के बाद उन्होंने अपना पुराना मोबाइल फोन छिपा लिया था और नया फोन इस्तेमाल कर रहे थे। जांच एजेंसी अब उनके मोबाइल डेटा की गहन जांच की तैयारी कर रही है।
पेशी के दौरान अग्रवाल ने एसीबी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें मीडिया में गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। वहीं उनके वकीलों ने जेल में सुरक्षा को लेकर अलग सेल की मांग की, जिस पर अदालत ने फिलहाल कोई निर्णय नहीं दिया है।
पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल भी ले जाया गया, जहां जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
इसी बीच जेजेएम से जुड़े ठेकेदारों ने भुगतान नहीं मिलने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है और करोड़ों रुपए के बकाया भुगतान की मांग की है।
एसीबी के अनुसार, इस मामले में करीब 960 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोप हैं, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता और फर्जी भुगतान जैसी गंभीर बातें सामने आई हैं। मामले की जांच अभी जारी है और इसमें अन्य अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।