शादी से इनकार का खौफनाक बदला, सिरफिरे आशिक ने डेढ़ साल के मासूम को पटक-पटककर मार डाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने शादी से इनकार करने वाली महिला से बदला लेने के लिए उसके डेढ़ साल के बेटे की हत्या कर दी।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एकतरफा प्यार और शादी के प्रस्ताव को ठुकराए जाने से नाराज युवक ने बदले की भावना में एक मासूम बच्चे की जान ले ली। आरोपी ने महिला के डेढ़ साल के बेटे को टॉफी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया और कुछ ही देर बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
यह घटना फिरोजाबाद के थाना अरांव क्षेत्र की है, जहां एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार किए जाने का गुस्सा उसके मासूम बेटे पर निकाल दिया।
शादी का दबाव बना रहा था आरोपी
जानकारी के अनुसार बामई गांव निवासी पिंकी अपनी बेटी रति और डेढ़ साल के नाती आरव के साथ यादव कॉलोनी में रहने वाली अपनी सहेली पुष्पलता पाठक के घर आई हुई थीं। रति की शादी करीब तीन वर्ष पहले बदायूं निवासी सुनीत से हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद के चलते वह अपनी मां के साथ रह रही थी।
परिजनों का आरोप है कि सुनीत के रिश्तेदार विराज उर्फ जितेंद्र पाठक लंबे समय से रति पर शादी करने का दबाव बना रहा था। वह रति से एकतरफा प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था। हालांकि रति ने यह कहते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया था कि वह पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है।
टॉफी दिलाने के बहाने ले गया मासूम
परिजनों के अनुसार शनिवार को आरोपी जितेंद्र भी उसी घर पहुंचा था जहां रति अपने परिवार के साथ मौजूद थी। कुछ देर बाद वह डेढ़ साल के आरव को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया।
आरोप है कि सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपी ने मासूम बच्चे को जमीन पर कई बार पटक दिया। गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बच्चे का शव घर के बाहर फेंककर फरार हो गया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज मिली, जिसमें आरोपी बच्चे को ले जाते और वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे भूढ़ा भरथरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान मुठभेड़ भी हुई।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पूरे क्षेत्र में आक्रोश
मासूम बच्चे की हत्या की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।