जोधपुर में RLP का हल्ला बोल: महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ कलेक्ट्रेट घेराव, गेट पर चढ़े कार्यकर्ता
जोधपुर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
जोधपुर में मंगलवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए मुख्य गेट बंद कर दिए। इससे नाराज कई कार्यकर्ता बैरिकेड्स और लोहे के गेट पर चढ़ गए और विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई नोकझोंक
जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान RLP कार्यकर्ता अंदर जाकर ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस द्वारा रोकने पर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि बाद में पार्टी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को अंदर जाने की अनुमति दी गई।
RLP के जिला प्रभारी रामदीन चौधरी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक मामलों, कानून व्यवस्था की स्थिति, जल संकट और एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में कहा गया कि राजस्थान में बेरोजगार युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित किए जाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जाए। साथ ही प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन में शामिल RLP नेता थान सिंह डोली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान के युवाओं के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।
उन्होंने जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सरकार हर घर जल पहुंचाने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है।
गौवंश और संत समाज का मुद्दा भी उठाया
थान सिंह डोली ने जैसलमेर में बड़ी संख्या में गौवंश के कंकाल मिलने की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा गौमाता के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन ऐसी घटनाओं पर सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
उन्होंने भैराणा में संत समाज द्वारा सांस्कृतिक विरासत बचाने के लिए किए जा रहे संघर्ष का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
जोजरी नदी प्रदूषण और जल संकट पर चिंता
RLP नेताओं ने जोजरी नदी में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक अधिकारियों को फटकार लगा चुका है, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
पार्टी नेता राजेंद्र छब्बरवाल ने कहा कि राजस्थान के कई जिलों में पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग महंगे टैंकरों पर निर्भर हैं, लेकिन सरकार जल संकट का स्थायी समाधान निकालने में असफल साबित हुई है।
आगे भी जारी रहेगा आंदोलन
RLP नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता से जुड़े मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रमुख हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में जनता के हितों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।