30 हजार की बाइक बेचने निकला किसान, ‘15 लाख के उल्लू’ के जाल में फंसा… 6 लाख लेकर फरार हुई गैंग!

सीकर में बाइक बेचने के लिए फेसबुक पर ऐड डालना एक किसान को भारी पड़ गया। 15 लाख में उल्लू बिकने के लालच में फंसाकर गैंग ने उससे 6 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस ने मास्टरमाइंड महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Feb 27, 2026 - 12:03
30 हजार की बाइक बेचने निकला किसान, ‘15 लाख के उल्लू’ के जाल में फंसा… 6 लाख लेकर फरार हुई गैंग!
30 हजार की बाइक बेचने निकला किसान, ‘15 लाख के उल्लू’ के जाल में फंसा… 6 लाख लेकर फरार हुई गैंग!
30 हजार की बाइक बेचने निकला किसान, ‘15 लाख के उल्लू’ के जाल में फंसा… 6 लाख लेकर फरार हुई गैंग!

राजस्थान के सीकर जिले में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किसान को 15 लाख रुपए में उल्लू बिकने का लालच देकर 6 लाख रुपए ठग लिए गए। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

फेसबुक पोस्ट से शुरू हुई साजिश

सदर थाना इलाके के सांवलोदा लाडखानी निवासी 32 वर्षीय किसान विक्रम ने करीब एक महीने पहले अपनी मोटरसाइकिल बेचने के लिए फेसबुक पर पोस्ट डाली थी। 9 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने बाइक खरीदने के नाम पर उससे संपर्क किया। उसी दिन दूसरे नंबर से कॉल आया और अगले दिन 10 फरवरी को दो पुरुष और एक महिला उसके घर बाइक देखने पहुंचे।

तीनों ने 30 हजार रुपए में बाइक लेने की सहमति जताई और दो दिन बाद लेने की बात कहकर चले गए। लेकिन असली खेल इसके बाद शुरू हुआ।

‘उल्लू दिखे तो बताना’

घर से जाने के करीब 20 मिनट बाद महिला का फोन आया। उसने कहा कि वह अभी बाइक देखने आई थी और विक्रम को एक उल्लू की फोटो भेजी है। अगर ऐसा उल्लू कहीं नजर आए तो बताना। अगले दिन महिला ने दोबारा कॉल कर कहा कि उल्लू मिल गया है और वह पास के गांव में है।

विक्रम को वहां बुलाया गया। मौके पर एक व्यक्ति के पास उल्लू बैठा था। महिला ने बताया कि यह उल्लू केवल डॉक्टर खरीदते हैं और इसकी कीमत 15 लाख रुपए तक मिलती है।

नकली डॉक्टर, फर्जी बोली

थोड़ी देर बाद बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी में चार लोग डॉक्टर की ड्रेस में पहुंचे। उन्होंने उल्लू को 15 लाख रुपए में खरीदने की हामी भर दी। लेकिन उल्लू के कथित मालिक ने पहले 6 लाख रुपए देने की शर्त रख दी।

महिला ने विक्रम से कहा कि आधे पैसे वह दे दे और आधे वह जुटा लेगी। बाद में उल्लू बेचने पर पूरा पैसा लौटा दिया जाएगा और बाइक भी खरीद ली जाएगी।

6 लाख लेकर फरार

लालच में आकर विक्रम 6 लाख रुपए लेकर सुनसान जगह पहुंच गया। वहां महिला ने पैसे लेकर उल्लू उसे दे दिया और डॉक्टर को कॉल करने का बहाना बनाया। इसी दौरान एक गाड़ी ने विक्रम का पीछा करना शुरू कर दिया। डर के कारण वह अपने ननिहाल की ओर भाग गया और रास्ते में उल्लू फेंक दिया।

कुछ देर बाद आरोपियों ने खुद को पुलिस बताकर फोन किया और फिर सभी नंबर स्विच ऑफ हो गए।

पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

17 फरवरी को विक्रम ने सदर थाने में मामला दर्ज कराया। जांच के बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड रामली देवी और उसके साथी सोहन बावरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस वारदात में रामली का पति और अन्य साथी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि यह गैंग भोलेभाले लोगों को उल्लू, कछुए या अन्य वस्तुओं के महंगे दाम मिलने का लालच देकर ठगी करती है। नकली डॉक्टर बुलाकर फर्जी बोली लगवाई जाती है, जिससे शिकार को यकीन हो जाए कि सौदा असली है।

सावधान रहने की जरूरत

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि सोशल मीडिया पर होने वाले हर सौदे पर आंख बंद कर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध निवेश या महंगे सौदे के लालच में न आएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Web Desk Web Desk The Khatak