RPSC SI Exam 2025: आज दूसरी पारी की परीक्षा, 3.5 लाख अभ्यर्थी पर कड़ी सुरक्षा, बटन काटकर और डोर हटवाकर अंदर घुसे अभ्यर्थी

आरपीएससी सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की दूसरी पारी आज 6 अप्रैल को हो रही है। 3.5 लाख अभ्यर्थियों के लिए थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था, मेटल डिटेक्टर और सख्त गाइडलाइंस लागू।

Apr 6, 2026 - 11:30
RPSC SI Exam 2025: आज दूसरी पारी की परीक्षा, 3.5 लाख अभ्यर्थी पर कड़ी सुरक्षा, बटन काटकर और डोर हटवाकर अंदर घुसे अभ्यर्थी
जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर (SI) संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 की दूसरी पारी आज सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को दोपहर में आयोजित हो रही है।
परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी रखी गई है। राज्य भर में करीब 3.5 लाख अभ्यर्थी इस पारी में शामिल होने वाले हैं। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की गुंजाइश को पूरी तरह खत्म करने के लिए थ्री-लेयर जांच व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर, फ्रिस्किंग और अन्य सख्त जांच से गुजरना पड़ रहा है।
टोंक के अभ्यर्थी की अनोखी घटना

परीक्षा केंद्रों पर सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टोंक से आए एक अभ्यर्थी राजू को अजमेर के परीक्षा केंद्र के बाहर रोक लिया गया। वजह थी उनकी टी-शर्ट पर लगे लोहे के बटन। परीक्षा गाइडलाइंस के अनुसार धातु वाले किसी भी आइटम की अनुमति नहीं है।
अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलने पर उन्होंने परीक्षा केंद्र के बाहर ही अपनी टी-शर्ट के सभी बटन काटकर हटा दिए। इसके बाद उन्हें अंदर जाने की अनुमति मिली।
इतना ही नहीं, महिला और पुरुष अभ्यर्थियों दोनों की अलग-अलग सख्त जांच हो रही है। यहां तक कि हाथों में बंधी सामान्य डोर, कलावा या मौली को भी हटवाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं।
निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा का लक्ष्य

आरपीएससी और जिला प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को भी सलाह दी गई है कि वे गाइडलाइंस का पालन करें और परीक्षा केंद्र पर अनुमति वाले सामान के अलावा कुछ न लेकर आएं।
यह परीक्षा राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर (RAC) के कुल 1015 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। दो दिनों (5 और 6 अप्रैल) में दो-दो शिफ्टों में परीक्षा चल रही है।
परीक्षा को सुचारू रूप से कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, फ्लाइंग स्क्वॉड और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
Kashish Sain Bringing truth from the ground