राजस्थान में आज से गर्मी और लू से राहत के आसार: 12 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, जयपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन

राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 12 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

May 29, 2026 - 12:07
राजस्थान में आज से गर्मी और लू से राहत के आसार: 12 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, जयपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन

राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिन तक मौसम बदलने का अनुमान जताया है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 1 जून तक एक्टिव रहेगा। शुक्रवार को राज्य के करीब 12 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।

धौलपुर जिले में शुक्रवार सुबह से ही कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।

जयपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन

गुरुवार को राजधानी जयपुर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो बाड़मेर और जोधपुर से भी ज्यादा रहा।

जयपुर में नौतपा के दौरान बीते 9 साल में दूसरी बार तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंचा है। इससे पहले 2018 में ऐसा तापमान रिकॉर्ड हुआ था। वहीं 2024 में नौतपा के दौरान 46.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।

शुक्रवार सुबह जयपुर में आसमान में काले बादल छाए रहे और पिछले दिनों की तुलना में गर्मी कुछ कम महसूस हुई।

इन जिलों में बारिश और ओले

गुरुवार रात हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, अलवर और चूरू समेत कई जिलों में मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कई इलाकों में चने के आकार से बड़े ओले गिरे।

झुंझुनूं के नवलगढ़ में देर रात हुई ओलावृष्टि से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं अलवर में शाम के समय तेज आंधी और हल्की बारिश के बाद तापमान गिरकर 39 डिग्री तक पहुंच गया।

अब भी 47 डिग्री के पार तापमान

हालांकि राहत के बीच राज्य के कई हिस्सों में गर्मी का असर अब भी जारी है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा चूरू में 46.5, जैसलमेर और फलोदी में 46, कोटा में 46.4, पिलानी में 46.4, बीकानेर और फतेहपुर में 45.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

इन जिलों में सुबह से दोपहर तक तेज गर्मी और लू का असर बना रहा।

तीन दिन तक बदला रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) एक्टिव होने के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला रहेगा।

आंधी और बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। साथ ही हीटवेव का असर भी कमजोर पड़ने की संभावना है।

IIT बॉम्बे की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

राजस्थान में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर IIT बॉम्बे की रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे ने उदयपुर में 2017 से 2024 के बीच किए अध्ययन में बताया कि प्रदेश में ‘हीट आइलैंड’ तेजी से बढ़ रहे हैं। हीट आइलैंड वह स्थिति होती है, जब शहरों का तापमान आसपास के ग्रामीण इलाकों की तुलना में कई डिग्री ज्यादा हो जाता है।

रिपोर्ट के अनुसार उदयपुर में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है। बढ़ती गर्मी और हीटवेव के कारण प्रदेश में हर साल मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है।

बड़े शहरों का मौसम हाल

जयपुर

राजधानी में शुक्रवार और शनिवार को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कोटा

कोटा में गुरुवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। तापमान पहली बार 46 डिग्री के पार पहुंचा। तेज गर्मी के कारण जूस और कोल्ड ड्रिंक की मांग बढ़ गई है।

उदयपुर

उदयपुर में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जगदीश मंदिर में श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए वॉटर फॉग स्प्रेयर, कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है।

जोधपुर

जोधपुर में तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया। यहां 31 मई से आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

सीकर

सीकर में लगातार 15 दिनों से तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार को यहां 45.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अजमेर

अजमेर में नौतपा के चौथे दिन अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक उमस और गर्मी बने रहने की संभावना जताई है।

हीटवेव से राहत की उम्मीद

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में आंधी-बारिश का असर बढ़ने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को तेज आंधी और ओलावृष्टि के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।