सीकर में गोदारा गैंग का फाइनेंसर गिरफ्तार: ज्वेलर से 5 करोड़ की रंगदारी के लिए नाबालिग से कराई रैकी

सीकर में रोहित गोदारा गैंग के लिए काम करने वाले एक फाइनेंसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ज्वेलरी शोरूम मालिक से 5 करोड़ की फिरौती मांगने के लिए नाबालिग स्टूडेंट से रैकी करवाई थी।

May 29, 2026 - 17:22
सीकर में गोदारा गैंग का फाइनेंसर गिरफ्तार: ज्वेलर से 5 करोड़ की रंगदारी के लिए नाबालिग से कराई रैकी

राजस्थान के सीकर जिले में रोहित गोदारा गैंग से जुड़े रंगदारी नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने ज्वेलरी कारोबारी से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में गैंग के एक फाइनेंसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी न केवल गैंग के लिए फंडिंग कर रहा था, बल्कि हाई प्रोफाइल लोगों की रैकी करवाने में भी अहम भूमिका निभा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक नाबालिग स्टूडेंट को पैसे देकर ज्वेलरी कारोबारी की गतिविधियों की रैकी करवाई थी। मामले में पुलिस ने नाबालिग को भी डिटेन किया है।

शराब पीते समय दबोचा गया आरोपी

सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव गौतम (32) पुत्र जगदीश निवासी बनवास, सिंघाना (झुंझुनूं) के रूप में हुई है। वह झुंझुनूं में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाता है।

DST टीम ने गुरुवार रात सीकर के आउटर एरिया में अपने साथियों के साथ शराब पीते समय उसे गिरफ्तार किया। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी मीडिया से मुंह छुपाता नजर आया। गाड़ी में बैठते समय भी उसने सिर नीचे झुका लिया।

ज्वेलर से मांगी थी 5 करोड़ की रंगदारी

पुलिस के अनुसार जनवरी महीने में सीकर के एक ज्वेलरी शोरूम मालिक को विदेशी नंबरों से कॉल कर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। कॉल करने वाले बदमाश राहुल रिणाउ ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

इस मामले में ज्वेलर ने कोतवाली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों की पहचान की, जिसके बाद शिव गौतम तक पहुंच बनाई गई।

नाबालिग स्टूडेंट से करवाई रैकी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राहुल रिणाउ के कहने पर शिव गौतम ने एक नाबालिग स्टूडेंट को कारोबारी की रैकी के लिए पैसे दिए थे। स्टूडेंट को करीब 20 हजार रुपए दिए गए थे।

इन पैसों से नाबालिग ने कपड़े खरीदे और घूमने-फिरने में भी रकम खर्च की। पुलिस ने नाबालिग को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।

राजस्थान में गैंग की फंडिंग का शक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिव गौतम सिर्फ शेखावाटी ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में रोहित गोदारा गैंग के लिए पैसों की ट्रेल चलाने का काम कर सकता है।

पुलिस को आशंका है कि आरोपी गैंग के लिए रैकी करने वाले युवकों और अन्य गुर्गों को आर्थिक मदद उपलब्ध करवाता था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर नेटवर्क और फंडिंग के पूरे सिस्टम का खुलासा करने में जुटी है।

विदेश में बैठकर धमकियां दे रहा राहुल रिणाउ

पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर राहुल रिणाउ पिछले 2-3 साल से रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा हुआ है। वह फतेहपुर इलाके का हिस्ट्रीशीटर है और वर्तमान में विदेश में बैठकर राजस्थान के व्यापारियों और हाई प्रोफाइल लोगों को धमकियां दे रहा है।

सीकर जिले सहित राजस्थान के कई इलाकों में वह अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों को धमकी दे चुका है।

दो दिन की पुलिस रिमांड

ASP डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी शिव गौतम को कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क, फंडिंग चैन और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।