हरिद्वार की ग्रेजुएट सोनम कैसे फंसी उमर के जाल में? PAK कनेक्शन वाले करोड़ों के ट्रांजैक्शन में J&K पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की लखनपुर पुलिस ने हरिद्वार से एक ग्रेजुएट युवती को गिरफ्तार किया है।
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की लखनपुर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध वित्तीय नेटवर्क के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार से सोनम नाम की एक ग्रेजुएट युवती को गिरफ्तार किया है। युवती पर देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध बैंक ट्रांजैक्शन नेटवर्क के जरिए लाखों रुपये ट्रांसफर करने का आरोप है। हरिद्वार पुलिस ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि युवती ने कई बैंक खातों के जरिए करीब 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके बदले उसे लगभग 2 लाख रुपये कमीशन के रूप में मिले थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
आर्थिक तंगी बनी अपराध की वजह
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार गिरफ्तार युवती सोनम कलियर क्षेत्र की रहने वाली है और वह पढ़ी-लिखी ग्रेजुएट है। हालांकि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण वह लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रही थी।
इसी दौरान उसकी मुलाकात धनोरी निवासी एक सहेली के जरिए उमर नाम के युवक से हुई। उमर ने उसे मोटी कमाई का लालच दिया और बैंक खातों के जरिए पैसों के लेनदेन के इस अवैध नेटवर्क में शामिल कर लिया।
उमर और उसके साथी ने तैयार किया पूरा नेटवर्क
पूछताछ में सोनम ने बताया कि उसने अपनी आर्थिक परेशानियों की जानकारी उमर को दी थी। इसके बाद उमर ने उसकी बात अपने एक करीबी रिश्तेदार से कराई। फिर उसे कुरियर के माध्यम से कई बैंक खातों की चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड भेजे गए।
उमर ने उसे इन खातों को ऑपरेट करने और पैसे ट्रांसफर करने का तरीका भी समझाया। इसके बाद लगातार अलग-अलग खातों में पैसे भेजे जाते थे, जिन्हें सोनम निर्देशानुसार दूसरे खातों में ट्रांसफर करती थी।
यूपीआई और एटीएम के जरिए किए ट्रांजैक्शन
जांच में सामने आया कि सोनम कुछ रकम एटीएम के जरिए निकालती थी, जबकि कुछ पैसे यूपीआई के माध्यम से दूसरे खातों में भेजे जाते थे। पुलिस के अनुसार युवती अब तक करीब 20 लाख रुपये इस नेटवर्क के जरिए ट्रांसफर कर चुकी है।
पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि इन ट्रांजैक्शन के बदले उसे करीब 2 लाख रुपये कमीशन के तौर पर मिले थे।
जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही मुख्य जांच
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस मामले का मुख्य मुकदमा जम्मू-कश्मीर में दर्ज है। लखनपुर पुलिस ने हरिद्वार पुलिस से संपर्क कर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की और इसके बाद युवती को गिरफ्तार कर जम्मू-कश्मीर रवाना किया गया।
फिलहाल मामले की आगे की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क का संबंध किन-किन लोगों और संगठनों से है।