SMS हॉस्पिटल में अब हाईटेक पार्किंग सिस्टम: फास्टैग से कटेगा शुल्क, रियल टाइम मॉनिटरिंग से खत्म होगा जाम
जयपुर के SMS हॉस्पिटल में जल्द हाईटेक पार्किंग व्यवस्था लागू होगी। फास्टैग स्कैनर, रियल टाइम मॉनिटरिंग और सीसीटीवी निगरानी के जरिए पार्किंग सिस्टम को स्मार्ट बनाया जाएगा।
राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में जल्द ही पार्किंग की नई और हाईटेक व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को ओपीडी समय में वाहन पार्किंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। हॉस्पिटल प्रशासन ने अस्पताल परिसर की सभी बेसमेंट और सरफेस पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
नई पार्किंग व्यवस्था से न केवल अस्पताल परिसर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि हॉस्पिटल प्रशासन को हर साल करीब 2 करोड़ रुपए का राजस्व भी प्राप्त होगा।
रियल टाइम मॉनिटरिंग से होगी पार्किंग की निगरानी
नई व्यवस्था के तहत SMS हॉस्पिटल की सभी पार्किंग एरिया की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। किस बेसमेंट में कितनी गाड़ियां खड़ी हैं और कितनी जगह खाली है, इसकी पूरी जानकारी डिजिटल सिस्टम के जरिए उपलब्ध रहेगी।
हर वाहन की एंट्री और एग्जिट पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी और अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगेगी।
फास्टैग से कटेगा पार्किंग शुल्क
हॉस्पिटल प्रशासन मैन बिल्डिंग परिसर, धन्वंतरि ब्लॉक और ट्रोमा सेंटर की बेसमेंट पार्किंग में फास्टैग स्कैनर लगाएगा। वाहन जैसे ही पार्किंग एरिया में प्रवेश करेगा, फास्टैग स्कैनर वाहन को स्कैन करेगा और पार्किंग शुल्क स्वतः कट जाएगा।
अगर किसी वाहन का फास्टैग सक्रिय नहीं होगा तो वहां ऑनलाइन यूपीआई पेमेंट और नकद भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
डेढ़ साल से गार्डों के भरोसे चल रही थी पार्किंग
SMS हॉस्पिटल की तीनों बेसमेंट पार्किंग पिछले करीब डेढ़ साल से अस्थायी व्यवस्था के तहत गार्डों के भरोसे संचालित हो रही थी। इसके कारण अस्पताल परिसर में बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जा रहे थे।
विशेष रूप से ओपीडी समय में धन्वंतरि ब्लॉक, चरक भवन और बांगड़ परिसर के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी। कई बार मरीजों को लाने वाली एंबुलेंस, स्ट्रेचर और व्हीलचेयर तक जाम में फंस जाती थीं।
नई पार्किंग व्यवस्था शुरू होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
पांच कंपनियों ने लगाई बोली
SMS हॉस्पिटल की पार्किंग व्यवस्था संभालने के लिए पांच कंपनियों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया।
सबसे अधिक बोली मैसर्स SSE इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डवलपर्स प्रा.लि. ने 2 करोड़ 1 लाख रुपए की लगाई। इसके अलावा अन्य कंपनियों ने भी करोड़ों रुपए की बोली प्रस्तुत की।
कंपनियों की बोली इस प्रकार रही:
- SSE इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डवलपर्स प्रा.लि. – ₹2.01 करोड़
- के.एन. एंटरप्राइजेज जयपुर – ₹1.80 करोड़
- व्हीकल पे सर्विसेज प्रा.लि. – ₹1.73 करोड़
- पार्किंग सॉल्यूशन कंपनी जयपुर – ₹1.62 करोड़
- सिटी लॉजिक गर्वमेंट ऑथ, पालघर – ₹1.48 करोड़
सबसे अधिक बोली लगाने वाली कंपनी SSE इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डवलपर्स प्रा.लि. को पार्किंग संचालन का काम सौंपने की तैयारी की जा रही है।
मरीजों और परिजनों को मिलेगी बड़ी राहत
नई स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को वाहन पार्किंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही अस्पताल परिसर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आपातकालीन सेवाओं को भी सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा।