IPL में वैभव सूर्यवंशी का तूफान: 15 साल की उम्र में 600 रन पूरे, 16 गेंदों में ठोकी फिफ्टी; एक सीजन में 65 छक्के भी लगाए

IPL 2026 एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी और IPL इतिहास में नया अध्याय लिख दिया।

May 28, 2026 - 10:57
May 28, 2026 - 11:02
IPL में वैभव सूर्यवंशी का तूफान: 15 साल की उम्र में 600 रन पूरे, 16 गेंदों में ठोकी फिफ्टी; एक सीजन में 65 छक्के भी लगाए

IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालिफायर-2 में धमाकेदार एंट्री कर ली। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में क्रिकेट फैंस को रिकॉर्ड्स की बारिश देखने को मिली, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही।

वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेलकर IPL इतिहास में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उनकी बल्लेबाजी के आगे हैदराबाद के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में हैदराबाद की टीम लक्ष्य से 47 रन दूर रह गई।

15 साल के वैभव ने रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में चौकों से ज्यादा छक्कों की बरसात की। उन्होंने कुल 12 छक्के जड़े और महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया।

इस दौरान उन्होंने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़े और IPL के सबसे खतरनाक युवा बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर ली।

IPL में सबसे युवा 600+ रन बनाने वाले बल्लेबाज

वैभव इस सीजन 600 रन पूरे करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 20 साल की उम्र में 2018 में यह उपलब्धि हासिल की थी।

एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के

वैभव ने इस सीजन 65 छक्के पूरे कर लिए और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने 2012 में RCB के लिए 59 छक्के लगाए थे।

20 गेंद से कम में पांचवीं फिफ्टी

IPL में यह पांचवीं बार रहा जब वैभव ने 20 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया। इस मामले में उन्होंने निकोलस पूरन की बराबरी कर ली। सबसे ऊपर अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 6 बार यह कारनामा किया है।

प्लेऑफ में सुरेश रैना के रिकॉर्ड की बराबरी

वैभव ने 16 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर IPL प्लेऑफ इतिहास की सबसे तेज अर्धशतकीय पारी की बराबरी कर ली। इससे पहले 2014 में सुरेश रैना ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 16 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।

पावरप्ले में रिकॉर्ड्स की सुनामी

वैभव ने पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने शुरुआती 6 ओवर में 8 छक्के जड़े, जो IPL इतिहास में किसी बल्लेबाज द्वारा पावरप्ले में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। उन्होंने सनथ जयसूर्या, जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 7-7 छक्कों का रिकॉर्ड था। इतना ही नहीं, वैभव इस सीजन पावरप्ले में 490 रन बनाकर डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड भी तोड़ चुके हैं।

राजस्थान ने बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर

राजस्थान रॉयल्स ने 243 रन बनाकर IPL इतिहास में अपना सबसे बड़ा टीम स्कोर खड़ा किया। इससे पहले टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 242 रन था। टीम ने इस पारी में 17 छक्के लगाए, जो IPL प्लेऑफ की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों की बराबरी है। राजस्थान ने कुल 37 बाउंड्री लगाईं और प्लेऑफ इतिहास की दूसरी सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाली टीम बन गई।

हैदराबाद की बल्लेबाजी लड़खड़ाई

244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए। यह इस साल टी-20 क्रिकेट में उनका आठवां डक रहा, जिससे वे एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। हैदराबाद की टीम लगातार दबाव में रही और लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

वैभव के आउट होते ही छा गया सन्नाटा

वैभव सूर्यवंशी 97 रन पर आउट हुए और शतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। जैसे ही उनका विकेट गिरा, पूरा स्टेडियम शांत हो गया। आउट होने के बाद वैभव कुछ देर तक क्रीज पर खड़े रहे और दर्शकों के चेहरों पर निराशा साफ दिखाई दी। हालांकि उनकी पारी ने मैच को पहले ही राजस्थान के पक्ष में झुका दिया था।

अब गुजरात से होगा मुकाबला

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स क्वालिफायर-2 में पहुंच गई है, जहां उसका सामना 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल खेलेगी।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।