‘क्या तुमने बकरा हलाल होते देखा है?’ कहकर 17 साल के सूर्या पर चाकुओं से हमला, इलाज के दौरान मौत
गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की कथित तौर पर पुराने विवाद के चलते चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय युवक सूर्या चौहान की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आरोप है कि बकरीद की शाम सूर्या को उसके कुछ पुराने परिचित युवकों ने फोन कर बुलाया और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और सांप्रदायिक तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फोन करके गली में बुलाया गया
जानकारी के अनुसार, घटना 28 मई की शाम खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार इलाके में हुई। आरोप है कि सूर्या चौहान को उसके कुछ पुराने परिचित युवकों ने चौधरी स्कूल के पास वाली गली में बुलाया था। वहां पहुंचते ही असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत अन्य युवकों ने उसे घेर लिया और बड़े चाकुओं से हमला कर दिया।
‘क्या तुमने बकरा हलाल होते देखा है?’
घटना के समय मौजूद चश्मदीद युवकों ने दावा किया कि हमला करने से पहले आरोपियों ने सूर्या से कहा-
“क्या तुमने कभी बकरा हलाल होते देखा है?” इसके तुरंत बाद आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार शुरू कर दिए। हमले में सूर्या गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन पहुंचे तो आरोपी फरार
चीख-पुकार सुनकर सूर्या का भाई यश चौहान और उसकी मां मौके पर पहुंचे। परिजनों को आता देख सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल सूर्या को तुरंत नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इलाके में भारी तनाव
सूर्या की मौत की खबर फैलते ही खोड़ा इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। खोड़ा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रीना भाटी समेत कई लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया केस
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। लोग कानून-व्यवस्था और बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।