पाली में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर ने RTO गार्ड को कुचला, मौके पर मौत; शव देख इंस्पेक्टर की बिगड़ी तबीयत
पाली के जाडन टोल प्लाजा के पास वाहन जांच के दौरान एक ट्रेलर चालक ने RTO गार्ड रामलाल को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राजस्थान के पाली जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां वाहन जांच के दौरान एक ट्रेलर चालक ने RTO गार्ड को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी सहम गए। मृतक का शव देखकर RTO इंस्पेक्टर की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह हादसा पाली-सोजत रोड स्थित जाडन टोल प्लाजा के पास गुरुवार रात करीब 12:30 बजे हुआ।
ट्रेलर रोकने का इशारा किया, चालक ने कुचल दिया
RTO इंस्पेक्टर शंभूलाल बलाई के अनुसार, केशव नगर निवासी रामलाल (52) वाहन जांच अभियान के तहत जाडन टोल प्लाजा के पास ड्यूटी पर तैनात थे।इसी दौरान पाली से सोजत की ओर जा रहे एक ट्रेलर को रोकने के लिए रामलाल सड़क पर पहुंचे और चालक को वाहन साइड में लगाने का इशारा किया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय ट्रेलर सीधे रामलाल के ऊपर चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में ट्रेलर का टायर रामलाल के सिर और सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद मौके पर मौजूद RTO टीम तुरंत रामलाल के पास पहुंची। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
शव देखकर इंस्पेक्टर की बिगड़ी तबीयत
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक का कुचला हुआ शव देखकर RTO इंस्पेक्टर शंभूलाल बलाई की तबीयत भी बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वे खुद रामलाल को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन पूरे घटनाक्रम से सदमे में आ गए। फिलहाल उनका भी बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
रिटायर सैनिक थे रामलाल
मृतक रामलाल भारतीय सेना से रिटायर थे। सेना से सेवा निवृत्त होने के बाद वे पिछले करीब आठ वर्षों से पाली RTO ऑफिस में संविदा पर गार्ड के रूप में कार्यरत थे। उनकी ईमानदारी और अनुशासन के कारण विभाग में उनकी अच्छी पहचान थी।
पिता के शव के पास रोते रहे बच्चे
हादसे के बाद बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। मृतक के बच्चे पिता के शव के पास बैठकर फूट-फूटकर रोते रहे। परिजन लगातार कहते रहे “पापा को वापस लाओ… एक बार बात करा दो… उनके बिना हम कैसे जिएंगे…” इस दर्दनाक मंजर ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।