सौतेले पिता की प्रताड़ना से टूटा 19 वर्षीय युवक: डर और तनाव में कुंड में कूदकर दी जान
बीकानेर जिले के जसरासर क्षेत्र के उड़सर गांव में 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर सौतेले पिता की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर पानी के कुंड में कूदकर आत्महत्या कर ली।
बीकानेर जिले के जसरासर क्षेत्र के उड़सर गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर सौतेले पिता की प्रताड़ना से परेशान होकर पानी के कुंड में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक युवक की पहचान महेंद्र के रूप में हुई है। मामले में युवक के नाना बिजाराम ने जसरासर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सौतेले पिता कैलाश पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार महेंद्र की मां ने करीब 13 साल पहले नागौर जिले के राजोद निवासी कैलाश से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद महेंद्र भी अपनी मां के साथ सौतेले पिता के घर रहने लगा था। आरोप है कि सौतेला पिता लंबे समय से महेंद्र के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी कारण युवक लगातार तनाव में रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि 26 मई को महेंद्र उड़सर गांव अपने नाना के घर पहुंचा था। यहां उसने अपने नाना बिजाराम को अपनी परेशानियों और सौतेले पिता द्वारा की जा रही प्रताड़ना के बारे में बताया। परिजनों के मुताबिक युवक काफी डरा हुआ और मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रहा था।
इसी दौरान शाम करीब 7 बजे महेंद्र अचानक घर से निकल गया और गांव के पास बने पानी के कुंड में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते युवक की परेशानी को गंभीरता से लिया जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। वहीं गांव के लोगों ने भी घटना पर दुख जताया है।
जसरासर पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।