बाड़मेर के दो युवकों की गुजरात में मौत, नहाते समय फार्म पॉन्ड में डूबे दोनों भाई

बाड़मेर से गुजरात मजदूरी करने गए दो ममेरे भाइयों की थराद तहसील के करणपुरा गांव में फार्म पॉन्ड में डूबने से मौत हो गई।

May 29, 2026 - 13:50
बाड़मेर के दो युवकों की गुजरात में मौत, नहाते समय फार्म पॉन्ड में डूबे दोनों भाई

राजस्थान के बाड़मेर जिले से गुजरात मजदूरी करने गए दो ममेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। गुजरात के बनासकांठा जिले की थराद तहसील स्थित करणपुरा गांव में गुरुवार रात एक फार्म पॉन्ड (डिग्गी) में डूबने से दोनों युवकों की जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, एक युवक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया था। उसे बचाने के लिए दूसरा भाई भी तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन दोनों ही बाहर नहीं निकल सके। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

चार दिन पहले ही गए थे मजदूरी करने

मृतकों की पहचान प्रकाश (18) पुत्र केवाराम निवासी जालीला, बीजासर (बांसवाड़ा) और उसके ममेरे भाई अरविंद पुत्र हरिराम निवासी जाटों का बेरा के रूप में हुई है। दोनों युवक कुछ दिन पहले ही मजदूरी के लिए गुजरात गए थे।

परिजनों के मुताबिक, उनका परिवार फिलहाल सांचौर क्षेत्र के गुड़ाबड़ासण में खेती-किसानी का काम करता है। काम नहीं मिलने के कारण दोनों युवक गुजरात के थराद इलाके में मजदूरी करने पहुंचे थे।

नहाते समय हुआ हादसा

थराद फायर ऑफिसर विरमजी राठौड़ ने बताया कि दोनों युवक खेत तालाब की पाल पर बैठकर नहा रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक फिसलकर पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी तालाब में उतर गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गए।

घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिवार वालों ने बताया कि अरविंद घर का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है और करीब 6 साल पहले उसकी मां की मौत हो चुकी है। वहीं प्रकाश के परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और मजदूरी कर घर चलाता है।

दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हो गए। गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खेत तालाबों और डिग्गियों के आसपास विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि गर्मियों में नहाने के दौरान ऐसे हादसे बढ़ जाते हैं।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।