जयपुर में 19 साल की युवती से गैंगरेप: दोस्त को बंधक बनाया, वीडियो बनाकर दी धमकी; एक आरोपी होमगार्ड जवान
जयपुर में मंदिर गई 19 वर्षीय युवती के साथ तीन युवकों ने कथित गैंगरेप किया। आरोपियों ने युवती के साथी को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
राजधानी जयपुर से एक सनसनीखेज गैंगरेप का मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय युवती के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पहले युवती के साथी युवक की पिटाई कर उसे बंधक बनाया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों में एक होमगार्ड जवान भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार घटना 23 मई की है। युवती अपने एक परिचित युवक के साथ मंदिर गई थी। दोनों पहाड़ी क्षेत्र में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया।
युवक को बंधक बनाकर युवती को ले गए आरोपी
आरोप है कि तीनों युवकों ने पहले युवक की पिटाई की और उसे बंधक बना लिया। इसके बाद युवती को जबरन सुनसान जंगल की तरफ ले जाया गया, जहां आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
वारदात के बाद आरोपी युवती को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता आरोपियों के चंगुल से निकलकर शाम को घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
बदनामी के डर से पहले रिपोर्ट नहीं कराई
घटना के अगले दिन 24 मई को पीड़िता परिवार के साथ थाने पहुंची। शुरुआत में युवती ने सामाजिक बदनामी के डर से मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया था। बाद में पुलिस द्वारा पहचान गोपनीय रखने और कार्रवाई का भरोसा देने पर एफआईआर दर्ज करवाई गई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर मामले की जांच शुरू की।
वीडियो बनाकर दी धमकी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवकों ने मोबाइल से उसका और उसके साथी का वीडियो भी बनाया था। वीडियो के जरिए आरोपियों ने धमकी दी कि यदि घटना के बारे में किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें 27 मई को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के मोबाइल में मिले संदिग्ध वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से अन्य महिलाओं के भी कुछ संदिग्ध वीडियो मिले हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल हो सकते हैं।
पुलिस अब मोबाइल डेटा की फोरेंसिक जांच करा रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं आरोपियों ने अन्य महिलाओं को भी ब्लैकमेल या परेशान तो नहीं किया।
आगे होगी शिनाख्त परेड
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही पीड़िता के धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए जाएंगे। इसके बाद जेल में आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।