जयपुर में अस्पताल संचालक से मारपीट: दुष्कर्म केस दर्ज कराने वाली महिला, मां और बहन गिरफ्तार
जयपुर नॉर्थ पुलिस ने अस्पताल संचालक के साथ मारपीट और जबरन पैसे मांगने के आरोप में एक महिला, उसकी मां और बहन को गिरफ्तार किया है। महिला पहले भी संचालक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करा चुकी थी।
राजधानी जयपुर में अस्पताल संचालक के साथ मारपीट और कथित रूप से जबरन पैसे मांगने का मामला सामने आया है। जयपुर नॉर्थ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसकी मां और बहन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों महिलाएं अस्पताल पहुंचीं और पैसे नहीं देने पर संचालक के साथ मारपीट की।
पुलिस के अनुसार यह मामला 28 अप्रैल का है, जिसकी शिकायत अस्पताल संचालक ने थाने में दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पहले दर्ज कराया था दुष्कर्म का मुकदमा
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार महिला संजना महावर पहले उसी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में काम करती थी। साल 2023 में उसने अस्पताल संचालक के खिलाफ सिंधी कैंप थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हुआ था। आरोप है कि समझौते के दौरान पैसे लेने के बाद महिला ने अपने बयान बदल दिए थे।
दोबारा पैसों की मांग का आरोप
पुलिस के मुताबिक 28 अप्रैल को संजना महावर अपनी बहन ज्योति महावर और मां रेखा देवी के साथ अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि तीनों ने संचालक से दोबारा पैसों की मांग की। जब संचालक ने पैसे देने से मना कर दिया तो तीनों महिलाएं उसके निजी ऑफिस में घुस गईं।
इसके बाद महिलाओं ने अस्पताल संचालक के साथ लात-घूंसों और चप्पलों से मारपीट की। घटना में संचालक घायल हो गया। अस्पताल में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए संजना महावर, उसकी बहन ज्योति महावर और मां रेखा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।