NIA की राजस्थान समेत 4 राज्यों में बड़ी रेड: पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल पर शिकंजा, अजमेर-नीमराना में छापेमारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ राजस्थान सहित चार राज्यों में बड़ी कार्रवाई की है। अजमेर और नीमराना समेत 12 ठिकानों पर छापेमारी कर कई संदिग्धों से पूछताछ की गई।

May 29, 2026 - 14:00
NIA की राजस्थान समेत 4 राज्यों में बड़ी रेड: पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल पर शिकंजा, अजमेर-नीमराना में छापेमारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को राजस्थान सहित देश के चार राज्यों में एक बड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई पाकिस्तान स्थित ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े आतंकी मॉड्यूल को लेकर की गई।

एजेंसी ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में कुल 12 ठिकानों पर रेड की। राजस्थान में अजमेर और नीमराना (बहरोड़-कोटपूतली क्षेत्र) में NIA की टीमों ने स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और बड़ी मात्रा में दस्तावेज तथा डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।

ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की साजिश

सूत्रों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठे नेटवर्क द्वारा भारत-पाक सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भेजने की साजिश रची जा रही थी।

खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों और धमाकों के लिए किया जा सकता था।

डिजिटल सबूतों की हो रही फोरेंसिक जांच

NIA की टीमों ने उत्तर प्रदेश में पांच, राजस्थान में दो, बिहार में दो और महाराष्ट्र में तीन स्थानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी अब जब्त किए गए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फोरेंसिक जांच कर रही है।

साथ ही पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क, फंडिंग चैनल और उसके भारत में सक्रिय स्लीपर सेल की भी जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मॉड्यूल को लेकर बड़ा खुलासा हो सकता है।

कौन है शहजाद भट्टी?

शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर माना जाता है, जिसका नाम ISI से जुड़े नेटवर्क में भी सामने आता रहा है। बताया जाता है कि वह दुबई से अपना नेटवर्क ऑपरेट करता है और सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को भड़काने का काम करता है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, भट्टी का संबंध अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी से भी जुड़ा हुआ है। उस पर गैंगस्टरों और आतंकी नेटवर्क को हथियार सप्लाई करने के आरोप हैं। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस गैंग को हथियार उपलब्ध कराने के मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है।

सूत्रों के मुताबिक, वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन नेटवर्क के जरिए 19 से 23 साल के युवाओं को पैसे और विदेश भेजने का लालच देकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश करता था।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां

NIA अब इस मॉड्यूल के जरिए भारत में बनाए जा रहे स्लीपर सेल, विदेशी फंडिंग और आतंकियों के संभावित लिंक की गहराई से जांच कर रही है। केंद्रीय एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता था।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।