थार सवार बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस जीप पेड़ से टकराई, कॉन्स्टेबल ने तोड़ा दम
सीकर में नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल की मौत हो गई, जबकि SHO अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
राजस्थान के सीकर जिले में रविवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच पीछा करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में पुलिस वाहन चला रहे कॉन्स्टेबल की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है। सीकर जिले के दादिया थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सुबह 3 बजे से 6 बजे तक विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार गाड़ी पुलिस को देखकर नहीं रुकी और नाकाबंदी तोड़कर तेज रफ्तार में नवलगढ़ की तरफ भाग निकली।
दादिया थाना पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नवलगढ़ थाना पुलिस ने थार का पीछा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस और बदमाशों के बीच कई किलोमीटर तक पीछा चलता रहा।
झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर के अनुसार पीछा करने के दौरान अचानक बदमाशों ने थार को यू-टर्न लेकर कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दिया। पुलिस वाहन भी तेजी से यू-टर्न लेने की कोशिश कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग तक खुल गए।
हादसे में गाड़ी चला रहे कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल (42) और नवलगढ़ थाना प्रभारी अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। कॉन्स्टेबल की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें सीकर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं SHO अजय सिंह का इलाज नवलगढ़ अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर अस्पताल पहुंचे और घायल SHO की हालत की जानकारी ली। वहीं कॉन्स्टेबल की मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई।
इधर, हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए थार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुजारी की ढाणी गांव के लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। पुलिस को उनकी गाड़ी से बीयर के कई कैन भी मिले हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे नाकाबंदी तोड़कर क्यों भाग रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस सतर्क हो गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान सामने आने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। अपराधियों का पीछा करते हुए अपनी जान गंवाने वाले कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल को पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि दी है।