दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, गोवर्धन जा रहे 50 से ज्यादा यात्री घायल
अलवर के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी वोल्वो बस पलट गई। हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
राजस्थान के अलवर जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। रैणी थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक वोल्वो स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे में करीब 50 से 52 यात्री घायल हो गए। इनमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। सभी यात्री गोवर्धन में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे।
हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 139.600 पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में चल रही थी, तभी अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी आना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस के अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालक और स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। कई यात्री सीटों और सामान के बीच फंस गए थे। लोगों ने तुरंत पुलिस और एनएचएआई की टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस, एनएचएआई एम्बुलेंस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। थाना प्रभारी बने सिंह मीणा ने खुद राहत कार्य की कमान संभाली। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही परिवार के थे अधिकांश यात्री
जानकारी के मुताबिक बस में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी अग्रवाल परिवार के करीब 50 से ज्यादा सदस्य सवार थे। सभी लोग गोवर्धन में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए निकले थे। यात्रियों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
घायल यात्री ललिता गोयल ने बताया कि वह गंगापुर सिटी से सवाई माधोपुर पहुंचीं थीं, जहां से वृंदावन और गोवर्धन जाने वाली बस में बैठी थीं। रास्ते में अचानक तेज झटका लगा और बस पलट गई।
कई घायलों की हालत गंभीर
थानाधिकारी बने सिंह मीणा के अनुसार हादसे में घायल करीब 45 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए पिनान अस्पताल भेजा गया। अधिकांश लोगों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन 6 यात्रियों को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
एक 14 वर्षीय बच्ची के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उसे गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। वहीं कुछ अन्य यात्रियों के सिर, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
अलवर जिला अस्पताल में भर्ती घायल
अलवर जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में 63 वर्षीय गीता पत्नी हरिशंकर निवासी सवाई माधोपुर, 57 वर्षीय ललिता पत्नी ओमप्रकाश गंगापुर सिटी, 55 वर्षीय विमला पत्नी छारुलाल निवासी खंडार सवाई माधोपुर और 62 वर्षीय हरिशंकर पुत्र गुलाबचंद शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद कुछ समय के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और एनएचएआई की टीम ने तुरंत हालात संभालते हुए ट्रैफिक को सामान्य कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बस चालक से भी पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते हादसों ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे देश के सबसे आधुनिक हाईवे प्रोजेक्ट्स में शामिल है, लेकिन लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। तेज रफ्तार, लंबी दूरी और ड्राइवरों की थकान कई बार गंभीर दुर्घटनाओं की वजह बन रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबी दूरी तय करने वाले ड्राइवरों के लिए पर्याप्त आराम बेहद जरूरी है।