धरियावद में पुलिस पर 15 राउंड फायरिंग, 1.14 करोड़ का डोडाचूरा बरामद; बदमाश जंगल में पिकअप छोड़कर फरार

प्रतापगढ़ के धरियावद में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान डोडाचूरा तस्करों ने पुलिस टीम पर 15 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद बदमाश 10 किलोमीटर दूर जंगल में पिकअप छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने 1.14 करोड़ रुपए कीमत का 762 किलो डोडाचूरा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

Mar 23, 2026 - 13:58
धरियावद में पुलिस पर 15 राउंड फायरिंग, 1.14 करोड़ का डोडाचूरा बरामद; बदमाश जंगल में पिकअप छोड़कर फरार

प्रतापगढ़ जिले के धरियावद थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। डोडाचूरा तस्करों का पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने करीब 15 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में पिकअप छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत का अवैध डोडाचूरा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी

प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य ने बताया कि 22 मार्च को डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिकअप धमोतर से धरियावद की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल और डीएसटी टीम इंचार्ज प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाचागुड़ा स्थित एक रिसॉर्ट के पास नाकाबंदी कर दी।

रुकने का इशारा किया तो तस्कर भागे

सोमवार सुबह करीब 4 बजे एक पिकअप बांसी की ओर से आती दिखाई दी, जिसमें दो युवक सवार थे। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर नाकाबंदी तोड़ दी और तेज गति से आरामपुरा जंगल की ओर भाग निकले।

पीछा करने पर की 15 राउंड फायरिंग

पुलिस टीम ने तुरंत पिकअप का पीछा शुरू किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस को डराने के लिए करीब 15 राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। बढ़ते दबाव के बीच आरोपी करीब 10 किलोमीटर आगे जाकर पिकअप को जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

सर्च ऑपरेशन में मिला भारी मात्रा में डोडाचूरा

घटना के बाद आरपीएस शक्ति दायमा, क्यूआरटी और डीएसटी टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 38 कट्टों में कुल 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। इसके साथ ही एक जिंदा कारतूस भी मिला। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी

एसपी बी. आदित्य ने बताया कि मामले में धरियावद थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ने का दावा किया गया है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.