12 घंटे में खुला आरक्षी हत्याकांड का राज, शिकार के लिए आए आरोपियों ने मारी गोली

टोंक जिले के बनेठा क्षेत्र में आरक्षी भागचंद सैनी की हत्या का मामला पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा लिया। आरोपी अवैध हथियारों के साथ शिकार करने आए थे और गश्त के दौरान रोकने पर उन्होंने आरक्षी को गोली मार दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

May 5, 2026 - 22:59
12 घंटे में खुला आरक्षी हत्याकांड का राज, शिकार के लिए आए आरोपियों ने मारी गोली

टोंक/बनेठा। टोंक जिले के बनेठा थाना क्षेत्र में आरक्षी भागचंद सैनी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियारों के साथ शिकार करने आए थे और ड्यूटी के दौरान उन्हें रोकने पर उन्होंने आरक्षी की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव के निर्देशन में, पुलिस उप अधीक्षक आकांक्षा कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। चार अलग-अलग टीमों ने समन्वय के साथ काम करते हुए इस संवेदनशील मामले को तेजी से सुलझाया।

घटना का विवरण

2 मई 2026 की रात आरक्षी भागचंद सैनी पुलिस चौकी ककोड़ से सरकारी मोटरसाइकिल पर रात्रि गश्त के लिए निकले थे। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि उनका शव रूपवास मोड़ के पास सुनसान इलाके में पड़ा है। मौके पर उनकी सरकारी मोटरसाइकिल भी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामला दर्ज

मृतक के परिजन कालूराम सैनी की रिपोर्ट पर थाना बनेठा में FIR संख्या 74/2026 दर्ज की गई। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) और 238(a) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।

हत्या का कारण और तरीका

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अवैध हथियार लेकर जंगल में शिकार करने आए थे। रात में गश्त के दौरान आरक्षी ने उनकी संदिग्ध गतिविधियों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने नजदीक से टोपीदार बंदूक से आरक्षी के सीने में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:एक टोपीदार बंदूक,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल,छर्रे और बारूद,एक छुरा,बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है: राजेश (32) निवासी मोटीस की झोपड़ियां, थाना उनियारा, जिला,टोंक,दिलराज (32) निवासी भट्टों का नयागांव, थाना नैनवा, जिला बूंदी  

जांच जारी

फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस की सराहनीय कार्रवाई

इस मामले का मात्र 12 घंटे में खुलासा होना टोंक पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बेहतर समन्वय और तकनीकी जांच का परिणाम माना जा रहा है। विभिन्न टीमों, DST और साइबर सेल की सक्रिय भूमिका ने इस केस को जल्दी सुलझाने में अहम योगदान दिया।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.