अजमेर में दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला, CCTV में कैद वारदात; 13 टांके लगे, पीड़ित ने रिश्तेदार पर लगाए आरोप
अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र में एक दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित के सिर पर 13 टांके लगे हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी हमला करता दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने अपने रिश्तेदार पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र के भूडोल गांव में एक दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हमले में लाडपुरा गांव निवासी ज्ञान सिंह बुरी तरह घायल हो गए। वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जो दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दुकान के बाहर ही ज्ञान सिंह के साथ पहले मारपीट की और फिर धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में ज्ञान सिंह के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर पर 13 टांके लगाए।
पीड़ित ज्ञान सिंह ने इस हमले के पीछे अपने ही रिश्तेदार नरेंद्र सिंह का हाथ बताया है। उनका आरोप है कि नरेंद्र सिंह दुकान पर आया और किसी बात को लेकर विवाद करते हुए पहले मारपीट की, फिर जानलेवा हमला कर दिया।
ज्ञान सिंह ने बताया कि यह घटना 22 मार्च को हुई थी और उन्होंने उसी दिन गेगल थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि पुलिस उन्हें बार-बार थाने के चक्कर कटवा रही है, जबकि घटना का स्पष्ट वीडियो सबूत मौजूद है।गुरुवार को जैसे ही इस हमले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया, मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया। वीडियो में आरोपी को हमला करते हुए साफ देखा जा सकता है।