तेज रफ्तार बाइक चलाने से टोका तो महिला से मारपीट, साथियों को बुलाकर किया हंगामा; लोगों ने कार रुकवाई, आरोपी फरार
बाड़मेर शहर के रेलवे कुआ नंबर-3 इलाके में तेज रफ्तार बाइक चलाने से रोकने पर युवकों ने महिला के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जिससे इलाके में हंगामा हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की कार रुकवा दी, लेकिन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर एक युवक को डिटेन किया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाड़मेर शहर के रेलवे कुआ नंबर-3 इलाके में रविवार शाम तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवकों ने एक महिला के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपियों की एक कार को रुकवा दिया, जबकि आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर एक युवक को डिटेन किया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे पीड़ित महिला अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक गली में तेज गति से बाइक दौड़ाते हुए निकले। गली में बच्चों और लोगों की आवाजाही होने के कारण महिला ने हादसे की आशंका जताते हुए युवकों को धीरे वाहन चलाने के लिए टोका।
बताया जा रहा है कि महिला की इस बात से बाइक सवार युवक नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद एक कार में सवार होकर अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना से नाराज लोगों ने आरोपियों की कार को घेरकर रुकवा लिया। इसी दौरान आरोपी खुद को बचाने के लिए पास की एक दुकान में घुस गए। आरोप है कि दुकान संचालकों ने आरोपियों को बचाने के लिए लाठियां तान लीं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से संदिग्ध कार को जब्त कर लिया। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कार की जांच की गई, लेकिन उसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। वहीं एक युवक को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। समझाइश के बाद लोग वापस लौट गए।