महिला को सुनाई देना बंद हुई पुरुषों की आवाज, रिपोर्ट देख डॉक्टर भी रह गए हैरान
चीन के शियामेन शहर में एक महिला को अचानक पुरुषों की आवाज सुनाई देना बंद हो गया। डॉक्टरों ने जांच में बताया कि वह ‘रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस’ नाम की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है, जिसमें भारी और गहरी आवाजें सुनाई देना बंद हो जाती हैं।
चीन के शियामेन शहर से एक बेहद हैरान करने वाला मेडिकल मामला सामने आया है। यहां एक महिला सुबह उठी तो उसे अपने बॉयफ्रेंड की आवाज सुनाई देना बंद हो गई। शुरुआत में उसे लगा कि शायद अस्थायी समस्या है, लेकिन जब वह अस्पताल पहुंची तो डॉक्टर भी जांच रिपोर्ट देखकर चौंक गए।
डॉक्टरों ने बताया कि महिला एक दुर्लभ बीमारी ‘रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस’ (Reverse Slope Hearing Loss) से पीड़ित है। इस बीमारी में इंसान को भारी और गहरी आवाजें सुनाई देना बंद हो जाती हैं। चूंकि ज्यादातर पुरुषों की आवाज लो-फ्रीक्वेंसी यानी भारी टोन में होती है, इसलिए महिला को पुरुषों की आवाज सुनाई नहीं दे रही थी।
क्या है रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस?
सामान्य तौर पर सुनने की समस्या में इंसान को पहले तेज और तीखी आवाजें सुनाई देना कम होती हैं। लेकिन इस बीमारी में इसका बिल्कुल उल्टा होता है। मरीज को लो-फ्रीक्वेंसी यानी भारी आवाजें सुनाई देना बंद हो जाती हैं, जबकि ऊंची और तीखी आवाजें सामान्य रूप से सुनाई देती रहती हैं।
इसी वजह से इस बीमारी को ‘रिवर्स स्लोप हियरिंग लॉस’ कहा जाता है।
कैसे पता चलती है यह बीमारी?
डॉक्टर इस बीमारी की पहचान के लिए ‘ऑडियोग्राम’ टेस्ट करते हैं। यह टेस्ट इंसान की सुनने की क्षमता और अलग-अलग फ्रीक्वेंसी की आवाजों को पहचानने की क्षमता जांचता है।
महिला की जांच में पता चला कि वह हाई-पिच आवाजें तो सुन पा रही थी, लेकिन लो-पिच यानी भारी पुरुष आवाजें सुनने की क्षमता अचानक प्रभावित हो गई थी।
क्यों खतरनाक मानी जाती है यह बीमारी?
विशेषज्ञों के अनुसार यह बीमारी इसलिए ज्यादा खतरनाक मानी जाती है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण आसानी से पकड़ में नहीं आते।
ज्यादातर लोग तेज या तीखी आवाजें सुनाई देना बंद होने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाते हैं, लेकिन भारी आवाजें धीरे-धीरे कम सुनाई देने पर अक्सर लोग ध्यान नहीं देते। यही कारण है कि कई मरीजों को सालों तक पता ही नहीं चलता कि वे इस बीमारी से जूझ रहे हैं।
तनाव और थकान भी हो सकते हैं कारण
डॉक्टरों का कहना है कि कई मामलों में अत्यधिक तनाव, नींद की कमी और मानसिक दबाव भी अचानक सुनने की क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि हर मरीज में इसके कारण अलग हो सकते हैं।
महिला का इलाज शुरू कर दिया गया है और डॉक्टर उसकी सुनने की क्षमता को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
यह अजीब मेडिकल केस सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस बीमारी को लेकर हैरानी जता रहे हैं और इसे दुनिया के सबसे अनोखे मेडिकल मामलों में से एक बता रहे हैं।