उदयपुर में 5 दिन पुराना सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी: यूनिवर्सिटी के पीछे झाड़ियों में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
उदयपुर के प्रतापनगर इलाके में मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के पास झाड़ियों में 5-6 दिन पुराना अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई, पुलिस जांच में जुटी।
राजस्थान के उदयपुर शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। यह मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र के न्यू आरटीओ रोड का है, जहां यूनिवर्सिटी के पीछे वाले गेट के सामने यह शव पड़ा मिला।
बताया जा रहा है कि शव करीब 5 से 6 दिन पुराना है और झाड़ियों के बीच पड़ा हुआ था। सबसे पहले वहां से गुजर रहे लोगों को तेज बदबू महसूस हुई, जो आसपास के क्षेत्र में भी फैल रही थी। संदेह होने पर जब राहगीरों ने पास जाकर देखा तो उन्हें सड़ा-गला शव दिखाई दिया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित के अनुसार, प्रथम दृष्टया शव 5 से 6 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और उससे तेज बदबू आ रही थी। मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।