IPL 2026 Final: अहमदाबाद में आज RCB-GT की महामुकाबला, दूसरी बार चैंपियन बनने उतरेगी दोनों टीमों की फौज

IPL 2026 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा।

May 31, 2026 - 14:10
IPL 2026 Final: अहमदाबाद में आज RCB-GT की महामुकाबला, दूसरी बार चैंपियन बनने उतरेगी दोनों टीमों की फौज

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला रविवार शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच होने वाले इस महामुकाबले पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

दोनों टीमों के पास IPL इतिहास में दूसरी बार चैंपियन बनने का मौका है। RCB ने पिछले सीजन अपना पहला IPL खिताब जीतकर लंबे इंतजार को खत्म किया था, जबकि गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था।

क्वालिफायर-1 का विजेता बनने का फायदा

IPL इतिहास के आंकड़े RCB के पक्ष में दिखाई देते हैं। पिछले आठ सीजन में फाइनल वही टीम जीती है जिसने क्वालिफायर-1 में जीत दर्ज की थी। इस बार क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु ने गुजरात को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल का टिकट हासिल किया था।

इसके अलावा 2016 के बाद से IPL फाइनल में पहुंचने वाली सभी टीमें क्वालिफायर-1 खेलने वाली रही हैं। ऐसे में RCB का आत्मविश्वास काफी ऊंचा होगा।

हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में RCB आगे

दोनों टीमों के बीच अब तक IPL में 9 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें RCB ने 5 मैच जीते हैं, जबकि गुजरात टाइटंस ने 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। इस सीजन दोनों टीमों के बीच तीन मैच हुए, जिसमें दोनों ने एक-एक लीग मैच जीता जबकि क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु विजयी रही।

RCB की उम्मीदें विराट और पाटीदार पर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर विराट कोहली के कंधों पर होगी। विराट इस सीजन 600 से ज्यादा रन बना चुके हैं और शानदार फॉर्म में हैं। कप्तान रजत पाटीदार ने भी पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक बल्लेबाजी की है। क्वालिफायर-1 में गुजरात के खिलाफ उनकी नाबाद 93 रन की पारी टीम की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी थी।

गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और पर्पल कैप की दौड़ में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।

गुजरात को गिल-सुदर्शन से बड़ी उम्मीद

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल इस सीजन बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। उन्होंने 15 मैचों में 722 रन बनाए हैं और क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शतक जड़ा था।

साई सुदर्शन भी 700 से अधिक रन बनाकर गुजरात की बल्लेबाजी की रीढ़ बने हुए हैं। वहीं तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा 28 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं।

मोहम्मद सिराज की फिटनेस चिंता

गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ी चिंता तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की फिटनेस है। क्वालिफायर-2 के दौरान उनके कंधे में परेशानी देखी गई थी। हालांकि उन्होंने अपना स्पेल पूरा किया, लेकिन फाइनल से पहले उनकी फिटनेस पर टीम प्रबंधन की नजर बनी हुई है।

पिच रिपोर्ट

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद देती है। इस सीजन यहां केवल तीन बार 200 रन का आंकड़ा पार हुआ है। ऐसे में गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है।

IPL इतिहास में अब तक फाइनल मुकाबलों में 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य कभी सफलतापूर्वक चेज नहीं हुआ है। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने पर भी विचार कर सकती है।

संभावित प्लेइंग-12

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम, रोमारियो शेफर्ड।

गुजरात टाइटंस:
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल तेवतिया।

कौन बनेगा चैंपियन?

एक तरफ अनुभव और आत्मविश्वास से भरी डिफेंडिंग चैंपियन RCB है, तो दूसरी तरफ शानदार संतुलन और फॉर्म में चल रही गुजरात टाइटंस। विराट कोहली और शुभमन गिल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अहमदाबाद की धरती पर दूसरी बार ट्रॉफी उठाने का सपना किस टीम का पूरा होता है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।