RPSC ने 371 पदों पर निकाली बड़ी भर्ती, जानिए कब से कर सकेंगे आवेदन

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने गृह विभाग अभियोजन के तहत सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) के 371 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है।

May 28, 2026 - 12:03
May 28, 2026 - 12:07
RPSC ने 371 पदों पर निकाली बड़ी भर्ती, जानिए कब से कर सकेंगे आवेदन

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने गृह विभाग अभियोजन के अंतर्गत सहायक अभियोजन अधिकारी (Assistant Prosecution Officer-APO) के 371 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जून 2026 से शुरू होगी, जो 7 जुलाई 2026 तक चलेगी।

2 सितंबर को प्रस्तावित है प्रारंभिक परीक्षा

आयोग ने भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 2 सितंबर 2026 को प्रस्तावित किया है। अभ्यर्थियों का चयन प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। यह भर्ती दो चरणों में आयोजित होगी, जिसमें पहले प्रारंभिक परीक्षा और उसके बाद मुख्य परीक्षा ली जाएगी।

आयु सीमा में मिलेगी अतिरिक्त छूट

आरपीएससी के अनुसार अभ्यर्थियों की आयु 1 जनवरी 2027 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष से कम होनी चाहिए। आयोग ने बताया कि ये पद वर्ष 2024 में विज्ञापित किए गए थे और उस समय आयु की गणना 1 जनवरी 2025 को आधार मानकर की गई थी।

इसके बाद इन पदों के लिए नया विज्ञापन जारी नहीं हो पाया। ऐसे में अभ्यर्थियों को राहत देते हुए अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की अतिरिक्त छूट देने का निर्णय लिया गया है।

आवेदन शुल्क कितना रहेगा?

भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क श्रेणीवार तय किया गया है।

  • सामान्य (अनारक्षित) वर्ग और राजस्थान के क्रीमीलेयर श्रेणी के अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)/अति पिछड़ा वर्ग (MBC) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपए रखा गया है।
  • राजस्थान के नॉन क्रीमीलेयर OBC/MBC, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपए निर्धारित किया गया है।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा।

आवेदन के लिए अभ्यर्थी

OTR में ये जानकारी देनी होगी

पहली बार OTR करने वाले अभ्यर्थियों को नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, सेकेंडरी परीक्षा की जानकारी और आधार कार्ड/पैन कार्ड/वोटर आईडी/ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी एक आईडी प्रूफ की डिटेल अपलोड करनी होगी।

OTR पूरा होने के बाद अभ्यर्थी सिटीजन एप (G2C) में रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर अपने OTR नंबर के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि एक बार OTR प्रोफाइल बनने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।