नौतपा की भीषण गर्मी पर पीएम मोदी की देशवासियों से अपील: खुद को हाइड्रेट रखें, पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी
देशभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पीएम ने कहा कि खुद को हाइड्रेट रखें, जरूरतमंदों को पानी पिलाएं और पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें।
देशभर में नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की है कि इस तेज गर्मी में अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थितियों से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों के दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है। ऐसे में सभी नागरिकों को सतर्क रहने और एक-दूसरे की मदद करने की जरूरत है।
“खुद को हाइड्रेटेड रखें, पानी साथ रखें”
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से आग्रह किया कि घर से बाहर निकलते समय हमेशा पानी साथ रखें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने कहा कि गर्मी में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है।
पीएम ने कहा कि यदि संभव हो तो राह चलते किसी प्यासे व्यक्ति को पानी जरूर पिलाएं। उन्होंने उन लोगों की भी सराहना की, जो अपने घरों और दुकानों के बाहर मटकों में पानी रखते हैं ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।
हीट स्ट्रोक के लक्षणों को नजरअंदाज न करें
प्रधानमंत्री ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान चक्कर आना, मतली, कमजोरी या ज्यादा थकान जैसे लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि यदि किसी व्यक्ति को अचानक बेहोशी जैसा महसूस हो या वह अस्वस्थ दिखाई दे, तो उसे तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाएं। इसके साथ ही पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ देने की सलाह भी दी गई ताकि शरीर को तुरंत राहत मिल सके।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें खास ध्यान
पीएम मोदी ने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। समय रहते ध्यान नहीं देने पर हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य प्रियजनों का हालचाल जरूर लेते रहें और उनकी सेहत का विशेष ध्यान रखें।
पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा छोटा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि इन कठिन दिनों में सभी को संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखना चाहिए।
देशभर में बढ़ा तापमान, कई राज्यों में हीटवेव
राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों में इन दिनों तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सरकार और प्रशासन लगातार लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।