जमीन विवाद में पति बना हैवान: लोहे के सरिए से पत्नी की हत्या, तीन बेटों के सिर से उठा मां का साया

बांसवाड़ा के नबीपुरा इलाके में जमीन विवाद के चलते पति ने पत्नी पर लोहे के सरिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी पत्नी पर जमीन अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था।

May 28, 2026 - 11:47
जमीन विवाद में पति बना हैवान: लोहे के सरिए से पत्नी की हत्या, तीन बेटों के सिर से उठा मां का साया

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। नबीपुरा इलाके में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक पति ने अपनी पत्नी पर लोहे के सरिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि बाद में पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतका की पहचान 32 वर्षीय इतरी पत्नी सूरज मईड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पीहर सुरपुर ढाणी में है और उसकी शादी नबीपुरा निवासी सूरज पुत्र धनजी मईड़ा से हुई थी। दंपती के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

जमीन अपने नाम कराने को लेकर था विवाद

कोतवाली थाने के एएसआई चंद्रवीर सिंह के अनुसार कुछ समय पहले सुरपुर ढाणी में एक जमीन खरीदी गई थी, जो महिला इतरी के नाम पर रजिस्टर्ड थी। आरोपी पति सूरज लगातार उस जमीन को अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते थे।

बर्तन साफ करते समय किया हमला

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय महिला घर में बर्तन साफ कर रही थी। आरोप है कि गुस्से में आए पति ने घर में रखा लोहे का सरिया उठाया और पीछे से पत्नी के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

हमला इतना गंभीर था कि महिला खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी पति वहां से फरार हो गया।

भाई ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

आरोपी के बड़े भाई गौतम ने बताया कि घर से चीख-पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचा। उसने गंभीर रूप से घायल महिला को संभाला और तुरंत ऑटो से जिला अस्पताल लेकर गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया डिटेन

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। एएसआई चंद्रवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने फरार आरोपी सूरज मईड़ा को राउंडअप कर लिया है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पीहर पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। मृतका के तीन बेटे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया। वहीं आरोपी पति सूरज मईड़ा पेंट और पुताई का काम करता है।

घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस वारदात को लेकर स्तब्ध हैं।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।