देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज: 15 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। राजस्थान, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश समेत 15 से ज्यादा राज्यों में अगले तीन दिनों तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
देशभर में नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम राहत देने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से देश के 15 से ज्यादा राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।
बिहार में मौसम विभाग ने 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अगले एक सप्ताह तक बिहार में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में भी मौसम बदलने लगा है। जयपुर समेत 11 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में हीटवेव का असर अभी भी जारी है। श्रीगंगानगर बुधवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
महाराष्ट्र के नागपुर से चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां पिछले तीन दिनों में रेलवे स्टेशन, सड़क और फ्लाईओवर के नीचे समेत सार्वजनिक स्थानों पर 16 लोगों के शव मिले हैं। प्रशासन को आशंका है कि भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण इन लोगों की मौत हुई है। नागपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भी तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश की संभावना
मौसम विभाग और यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) के अनुसार 29 मई से 5 जून के बीच देश के 80 से 90 प्रतिशत हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर भारत और बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में अधिक बारिश के संकेत मिले हैं।
हालांकि मानसून अभी तक केरल नहीं पहुंच पाया है। मौसम विभाग ने 26 मई को मानसून केरल पहुंचने का अनुमान जताया था, लेकिन अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन और कमजोर नमी के कारण मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
राज्यों में मौसम का हाल
राजस्थान
राजस्थान में अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, अलवर समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिमी जिलों में हीटवेव अभी जारी रहेगी।
मध्य प्रदेश
प्रदेश के 46 जिलों में हीटवेव का असर बना हुआ है। खजुराहो और नौगांव पिछले 10 दिनों से सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले चार दिनों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
बिहार
32 जिलों में ऑरेंज और 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
पंजाब और चंडीगढ़
तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
हरियाणा
गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक समेत कई जिलों में हीटवेव जारी है। हालांकि शुक्रवार से मौसम बदल सकता है और कई इलाकों में आंधी-बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश
शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। ऊना का तापमान 44 डिग्री तक पहुंच चुका है।
गर्मी से बचाव जरूरी
नौतपा के दौरान बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।