बाड़मेर में पानी चोरी पर बड़ी कार्रवाई: मुख्य पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन पकड़े, होटल-कॉलोनी तक फैला नेटवर्क उजागर
भीषण गर्मी और जल संकट के बीच बाड़मेर में नहरी पानी चोरी पर जलदाय विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन पकड़े गए हैं और चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में भीषण गर्मी और गहराते जल संकट के बीच नहरी पानी चोरी के मामलों पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जलदाय विभाग (PHED) ने बाड़मेर लिफ्ट परियोजना की मुख्य पाइपलाइन पर अवैध जल कनेक्शनों का बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जुर्माना वसूली की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मुख्य पाइपलाइन पर चला जांच अभियान
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता हजारी राम बालवा के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में पानी चोरी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परियोजना खंड श्रीमोहनगढ़ के सहायक अभियंता गणेश कुमार ने कुम्हारों की ढाणी से शिव की ओर जाने वाली मुख्य पाइपलाइन की जांच की।
जांच के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से पानी की चोरी के लिए लगाए गए कनेक्शन पाए गए, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
होटल, कॉलोनी और सर्विस सेंटर में मिला अवैध पानी कनेक्शन
जांच में सामने आया कि अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से पाइपलाइन से पानी लिया जा रहा था।
- गुलाणियों की ढाणी गूंगा शिव हाईवे के पास 2 इंच एचडीपीई पाइप से अवैध कनेक्शन
- फलसूंड फांटा स्थित राजकमल होटल में 1 इंच पाइप से पानी चोरी
- उत्तम विहार कॉलोनी में 2 इंच एमएस पाइप से अवैध कनेक्शन
- मंगलिया ऑटो पार्ट्स एंड सर्विस सेंटर व राजू ऑटो सर्विस एंड स्पेयर पार्ट्स में भी अवैध जल उपयोग
जेसीबी से काटे गए अवैध कनेक्शन
विभागीय टीम ने पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की मदद से अवैध कनेक्शनों को काट दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।
इसके साथ ही थाना शिव में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जुर्माना वसूली की प्रक्रिया शुरू
PHED विभाग ने अवैध जल कनेक्शन धारकों पर जुर्माना राशि की गणना शुरू कर दी है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द वसूली की कार्रवाई की जाए।
विभाग ने साफ किया है कि पेयजल संकट के समय किसी भी प्रकार की पानी चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।