एक साथ घर से निकले थे दो भाई, लेकिन गांव लौटी ऐसी खबर कि मच गया कोहराम
रास्ते में हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद गांव में ऐसा सन्नाटा पसरा कि हर किसी की आंखें नम हो गईं। अंतिम विदाई ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।
राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डाल दिया। इस हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई, जिनका बुधवार सुबह एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, मूंडरू कस्बे के रतनपुरा गांव निवासी शिवदान (47) और मुकेश चौधरी (40) मंगलवार को बाइक से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और जीप भी अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि जीप चालक नशे की हालत में था, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जैसे ही दोनों भाइयों के शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और माहौल बेहद गमगीन हो गया।
गांव में शोक की ऐसी लहर दौड़ी कि बाजार बंद रहे और घरों में चूल्हे तक नहीं जले। बुधवार सुबह भारी भीड़ और गमगीन माहौल में दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।