बायतु में दर्दनाक हादसा: ब्रेक फेल ट्रैक्टर पलटा, 16 वर्षीय किशोरी की मौत, ताऊ गंभीर घायल

बाड़मेर के बायतु थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-टंकी का ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबने से 16 वर्षीय किशोरी भावना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके ताऊ रामाराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jun 1, 2026 - 14:12
बायतु में दर्दनाक हादसा: ब्रेक फेल ट्रैक्टर पलटा, 16 वर्षीय किशोरी की मौत, ताऊ गंभीर घायल

बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा चुतरोनी मेघवालों की ढाणी के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र नगर ग्राम पंचायत के काकड़ो की ढाणी निवासी भावना (16) पुत्री मगाराम अपने ताऊ रामाराम (65) के साथ ट्रैक्टर-टंकी में पानी भरकर गांव लौट रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थरों पर चढ़ गया और पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पर सवार भावना पानी की टंकी के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके ताऊ रामाराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बायतु पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बायतु अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, एएसआई ताजाराम गोदारा ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की नियमित जांच और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।