Petrol Diesel Price Hike: पश्चिम एशिया तनाव का असर, देशभर में पेट्रोल-डीजल 3 रुपए महंगा, आज से लागू नई कीमतें
देशभर में शुक्रवार सुबह से पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच तेल कंपनियों के इस फैसले ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी साफ दिखाई देने लगा है। लंबे समय से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही थी, जो अब हकीकत बन गई है। शुक्रवार सुबह 6 बजे से देशभर में पेट्रोल और डीजल के नए दाम लागू कर दिए गए हैं। नई कीमतों के मुताबिक पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा है।
दिल्ली में क्या हुए नए दाम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपए से बढ़कर 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत 87.67 रुपए से बढ़कर 90.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। आम लोगों के लिए यह बढ़ोतरी राहत की बजाय नई चिंता लेकर आई है, क्योंकि इससे परिवहन और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
अन्य महानगरों में भी बढ़े दाम
दिल्ली के अलावा देश के अन्य बड़े शहरों में भी पेट्रोल और डीजल महंगे हो गए हैं।
पेट्रोल की नई कीमतें
कोलकाता – 108.74 रुपए प्रति लीटर
मुंबई – 106.68 रुपए प्रति लीटर
चेन्नई – 103.67 रुपए प्रति लीटर
डीजल की नई कीमतें
कोलकाता – 95.13 रुपए प्रति लीटर
मुंबई – 93.14 रुपए प्रति लीटर
चेन्नई – 92.25 रुपए प्रति लीटर
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई पर असर के कारण कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया था।
पहले घटाई गई थी एक्साइज ड्यूटी
इससे पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती की थी। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए से घटाकर 3 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी, जबकि डीजल पर 10 रुपए की ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई थी। सरकार के इस फैसले से कुछ समय तक कीमतों में स्थिरता बनी रही, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते फिर बढ़ोतरी करनी पड़ी है।
पीएम मोदी ने की थी ईंधन बचाने की अपील
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस का संयमित उपयोग करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की बचत बेहद जरूरी है। इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी बल्कि अंतरराष्ट्रीय संकट का असर भी कम किया जा सकेगा।
आम लोगों पर बढ़ेगा असर
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। परिवहन महंगा होने से फल-सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।