PM मोदी की अपील का असर! दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 2 दिन वर्क फ्रॉम होम और हर सोमवार ‘मेट्रो डे’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकारी दफ्तरों में दो दिन वर्क फ्रॉम होम, हर सोमवार ‘मेट्रो डे’, विदेशी दौरों पर रोक और वाहन उपयोग कम करने जैसे कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है।
देश में बढ़ती वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर अब राज्यों में साफ दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कई बड़े फैसलों की घोषणा की, जिनका उद्देश्य ईंधन बचत, विदेशी मुद्रा संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना है। दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि अब सरकारी दफ्तरों में सप्ताह में दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था शुक्रवार से प्रभावी होगी। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और मंत्रियों को सार्वजनिक परिवहन विशेष रूप से मेट्रो के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
हर सोमवार होगा ‘Monday Metro’
दिल्ली सरकार ने ‘मेरा भारत मेरा योगदान’ नाम से एक विशेष अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इस अभियान के तहत हर सोमवार को ‘Monday Metro’ के रूप में मनाया जाएगा। सरकार के अनुसार, इस दिन सभी मंत्री, अधिकारी और सरकारी कर्मचारी मेट्रो से सफर करेंगे। इसका उद्देश्य निजी वाहनों का उपयोग कम करना और ईंधन की खपत में कमी लाना है। सरकार ने आम जनता से भी अपील की है कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाएं और सार्वजनिक परिवहन या कार पूलिंग का इस्तेमाल करें।
मुख्यमंत्री ने घटाया अपना काफिला
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद उदाहरण पेश करते हुए अपने आधिकारिक काफिले में करीब 60 प्रतिशत कटौती कर दी है। अब उनके काफिले में केवल चार वाहन होंगे, जिनमें दो इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया है।
नई गाड़ियों की खरीद पर रोक
दिल्ली सरकार ने अगले छह महीने तक पेट्रोल, डीजल या इलेक्ट्रिक वाहनों की नई खरीद पर रोक लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसपोर्ट अलाउंस में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की जाएगी ताकि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
विदेश यात्राओं पर एक साल की रोक
सरकार ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए अगले एक साल तक मंत्रियों और अधिकारियों की आधिकारिक विदेशी यात्राओं पर रोक लगा दी है। सरकार का मानना है कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और अनावश्यक खर्चों में कटौती की जा सकेगी।
बिजली बचाने के लिए भी नई व्यवस्था
दिल्ली सरकार ने बिजली बचत को लेकर भी सख्त कदम उठाए हैं। अब सभी सरकारी कार्यालयों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाएगा। इसके साथ ही दफ्तरों में ‘मास्टर स्विच’ लगाए जाएंगे, ताकि अनावश्यक बिजली खपत को रोका जा सके।
90 दिन का जागरूकता अभियान
सरकार ने घोषणा की है कि अगले 90 दिनों तक राजधानी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को ईंधन बचत, ऊर्जा संरक्षण और देशहित में संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की शपथ दिलाई जाएगी।
PM मोदी ने क्या कहा था?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हैदराबाद के सिकंदराबाद में आयोजित एक जनसभा में देशवासियों से अपील की थी कि वे वैश्विक तनाव और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने, कार पूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की थी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने उद्योगों और कार्यालयों से कोविड काल की तरह वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन मीटिंग्स को बढ़ावा देने का सुझाव भी दिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि यह केवल खर्चों में कटौती नहीं, बल्कि आर्थिक समझदारी और भविष्य की तैयारी का हिस्सा है।