अजमेर में दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो में लगी आग, पूर्व सरपंच मां-बेटे समेत 4 लोग जिंदा जले

अजमेर के बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक स्कॉर्पियो में अचानक आग लगने से पूर्व सरपंच मां-बेटे सहित चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

May 28, 2026 - 10:45
अजमेर में दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो में लगी आग, पूर्व सरपंच मां-बेटे समेत 4 लोग जिंदा जले

राजस्थान के अजमेर जिले से गुरुवार सुबह बेहद दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई। बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास एक स्कॉर्पियो वाहन में अचानक आग लग गई, जिसमें पूर्व सरपंच मां-बेटे सहित चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

पूर्व सरपंच परिवार के चार लोगों की मौत

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां और पूर्व सरपंच पूसी देवी, पत्नी एवं जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पूसी देवी के सीने में दर्द हो रहा था, जिसके चलते परिवार उन्हें अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्कॉर्पियो में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग के गोले में बदल गई। वाहन में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

टैंकरों से बुझाई गई आग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। आसपास के इलाकों से पानी के टैंकर बुलाकर आग पर काबू पाया गया। जब तक आग बुझाई गई, तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। मौके पर पहुंचे लोगों का कहना था कि दृश्य बेहद भयावह था और चारों शव बुरी तरह जल चुके थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

हत्या के एंगल से भी जांच

हालांकि शुरुआती तौर पर मामला वाहन में आग लगने का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान कुछ ऐसे सुराग मिले हैं जिनसे मामला संदिग्ध हो गया है।पुलिस के अनुसार मृतका सुरज्ञान देवी के गले पर खून के निशान मिले हैं। इसके अलावा घर की तलाशी के दौरान दो ईंटें और खून के धब्बे भी मिले हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अब इस मामले को हत्या के एंगल से भी जांच रही है।

अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि फिलहाल घटना के असली कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और हत्या की आशंका को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

गांव में पसरा मातम

पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी और उनकी मां पूसी देवी दोनों ही बोराड़ा क्षेत्र में सरपंच रह चुके थे और गांव में उनका काफी सम्मान था। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार का किसी से कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था, इसलिए लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं। मौके पर जुटे लोगों के बीच हादसे और साजिश दोनों तरह की चर्चाएं होती रहीं।

पुलिस जुटी जांच में

फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। घटनास्थल और घर से जुटाए गए सबूतों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटनाक्रम को लेकर कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।