अनु मीणा आत्महत्या केस: फरार पति गौतम मीणा का वीडियो सामने आया, खुद को बताया बेगुनाह
जयपुर के मुहाना इलाके में अनु मीणा आत्महत्या मामले में फरार पति गौतम मीणा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कई दावे किए हैं। पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है।
जयपुर के मुहाना इलाके में सामने आए चर्चित अनु मीणा आत्महत्या मामले में अब नया मोड़ आ गया है। इस मामले में फरार चल रहे पति गौतम मीणा का एक वीडियो सामने आया है, जो किसी अज्ञात स्थान से जारी किया गया बताया जा रहा है। वीडियो में गौतम मीणा ने खुद को निर्दोष बताते हुए कई गंभीर दावे किए हैं।
वीडियो में गौतम मीणा ने कहा कि घटना वाले दिन उसकी अनु मीणा से दो बार फोन पर बात हुई थी। उसका दावा है कि उस समय वह चोमूं क्षेत्र से काफी दूर था। गौतम के अनुसार अनु उस समय किसी गलत कदम की बात कर रही थी, जिसके बाद उसने तुरंत अपने पड़ोसी दिग्विजय को फोन कर उसे मौके पर पहुंचने और अनु को रोकने के लिए कहा।
“गेट तोड़ने में देर हुई, इसलिए बच नहीं सकी”
गौतम मीणा ने वीडियो में यह भी कहा कि जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो गेट तोड़ने में समय लग गया, इसी कारण अनु मीणा को बचाया नहीं जा सका। उसने यह भी आरोप लगाया कि सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे गलत तरीके से ब्लैकमेल किया जा रहा है।
“मेरे घर के जेवरात भी ले गए”
वीडियो में गौतम मीणा ने यह भी दावा किया कि उसकी मां के गहने और अन्य कीमती जेवरात भी कुछ लोग ले गए हैं। उसने कहा कि उसकी करीब 70 प्रतिशत संपत्ति अनु के नाम है।
“पोस्टमार्टम के दिन भी कोई मौके पर नहीं आया”
गौतम ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के दिन भी कुछ लोग मौके पर मौजूद नहीं थे। उसने यह भी कहा कि वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार है और निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।
पुलिस जांच जारी
मुहाना थाना पुलिस ने इस वीडियो की सत्यता की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपी गौतम मीणा की तलाश के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।