Tamil Nadu CM Vijay: विजय के शपथ ग्रहण में राहुल गांधी ने ऐसा क्या कहा, जिससे तेज हो गई नई सियासी चर्चा?
तमिलनाडु में विजय के मुख्यमंत्री बनते ही राजनीतिक माहौल अचानक बदलता नजर आया। शपथ समारोह में पहुंचे राहुल गांधी ने ‘नई पीढ़ी’ और ‘नई सोच’ को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने अब कई नए सियासी संकेतों को जन्म दे दिया है।
तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सत्ता की कमान संभाल ली। चेन्नई में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा राहुल गांधी की मौजूदगी और उनके बयान की रही। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री बनने पर विजय को शुभकामनाएं दीं और कहा कि तमिलनाडु ने “नई पीढ़ी, नई आवाज़ और नई कल्पना” को चुना है।
राहुल गांधी ने एक्स पर क्या लिखा?
शपथ ग्रहण समारोह के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,“तमिलनाडु ने फैसला किया है। एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज़, एक नई कल्पना।” उन्होंने आगे लिखा कि विजय को उनकी शुभकामनाएं और उम्मीद है कि वे तमिलनाडु की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। राहुल गांधी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा होने लगी।
सुबह 11 बजे ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
TVK प्रमुख विजय ने रविवार सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में भारी संख्या में समर्थक पहुंचे। शपथ ग्रहण के दौरान स्टेडियम में विजय के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कई सहयोगी दलों के नेता रहे मौजूद
समारोह में राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस, CPI, CPI(M) और वीसीके (VCK) के कई बड़े नेता भी शामिल हुए। इन दलों ने विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए TVK को समर्थन दिया था। विजय ने अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल का समर्थन के लिए धन्यवाद भी किया।
पहली बार चुनाव, सीधे सत्ता तक पहुंचे विजय
विजय ने 2024 में तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) पार्टी बनाई थी। राजनीति में आने के बाद यह उनका पहला विधानसभा चुनाव था और उनकी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु की सत्ता तक पहुंचने में सफलता हासिल की। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक विजय की लोकप्रियता, युवा वोटर्स का समर्थन और उनकी साफ छवि चुनाव में बड़ी ताकत साबित हुई।
नई राजनीति की चर्चा तेज
विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में “नई राजनीति” और “नई पीढ़ी के नेतृत्व” को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राहुल गांधी के बयान को भी इसी बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दक्षिण भारत की राजनीति में आने वाले समय में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।
समर्थकों में उत्साह
शपथ ग्रहण समारोह के बाद चेन्नई समेत कई शहरों में विजय समर्थकों ने जश्न मनाया। जगह-जगह पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटी गईं। विजय के समर्थकों का कहना है कि वे तमिलनाडु में नई सोच और नई व्यवस्था लेकर आएंगे, जिसकी झलक उनके शुरुआती फैसलों में भी दिखाई देने लगी है।