रोहित शेट्टी के घर फायरिंग करने वाले शूटर गिरफ्तार, कांग्रेस नेता से 5 करोड़ की रंगदारी के पीछे निकला बड़ा गैंग कनेक्शन
श्रीगंगानगर में ज्वेलर्स और कांग्रेसी नेता से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों का कनेक्शन अब मुंबई की चर्चित फायरिंग घटना से जुड़ने के बाद कई चौंकाने वाले खुलासों की आशंका बढ़ गई है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में ज्वेलर्स और कांग्रेसी नेता से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी पहले मुंबई में हुई चर्चित फायरिंग की घटना में भी शामिल रह चुके हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इसके बड़े नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
ज्वेलर्स और कांग्रेसी नेता को दी थी धमकी
पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से शहर के एक ज्वेलर्स और कांग्रेसी नेता को धमकियां दी गई थीं। आरोपियों ने व्यापारी से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। इसके साथ ही उसे जान से मारने की धमकी देकर डराने की कोशिश की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने व्यापारी की गतिविधियों की रेकी भी की थी ताकि नुकसान पहुंचाने की योजना को अंजाम दिया जा सके।
विशेष टीम बनाकर शुरू की गई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी पृथ्वीपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी कार्रवाई के दौरान दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें पहला आरोपी प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित (22) है, जो उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के महावीर नगर, पक्की तलैया का रहने वाला है। दूसरा आरोपी दीपक उर्फ तुषार (25) है, जो आगरा जिले के बिजोली क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पांच दिन का रिमांड हासिल किया है।
पहले भी कई मामलों में शामिल रहा प्रदीप
पुलिस के मुताबिक प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। साल 2025 में जवाहरनगर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर सतीश उर्फ राजू कथूरिया के घर पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी भूमिका सामने आई थी। उस मामले में भी उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा 2026 में श्रीगंगानगर में अवैध हथियार रखने के मामले में भी उसे पकड़ा गया था।
लॉरेंस गैंग और आरजू बिश्नोई से जुड़े तार
एसपी हरीशंकर के अनुसार प्रदीप लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के लिए लगातार काम कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों और विदेश में बैठे अपराधियों से जुड़े हुए हैं।
मुंबई फायरिंग केस से जुड़ा नाम
जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की साजिश में भी शामिल था। बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने का ठेका लॉरेंस बिश्नोई गैंग के आरजू बिश्नोई के जरिए दिया गया था। पुलिस के अनुसार दीपक ने प्रदीप उर्फ गोलू पंडित के कहने पर मुंबई में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। उस मामले में मुंबई पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर केंद्रीय कारागृह मुंबई भेजा था।
गिरोह के बड़े नेटवर्क की जांच जारी
श्रीगंगानगर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैंग के और कौन-कौन से सदस्य इस मामले में शामिल हैं और रंगदारी के पीछे किस स्तर की साजिश रची गई थी। मामले में आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।