कच्चा तेल सस्ता... फिर भी क्यों नहीं घटे पेट्रोल-डीजल के दाम?
अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी सीजफायर समझौते के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, लेकिन भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।
Petrol Diesel Rates Today: देशभर में आज 29 मई 2026 को सरकारी तेल कंपनियों HPCL, BPCL और IOCL ने पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी कर दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के लिए सीजफायर बढ़ाने पर बनी अस्थायी सहमति के बाद ग्लोबल मार्केट में तेल सस्ता हुआ है, लेकिन घरेलू बाजार में ईंधन के दाम अब भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं।
ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर करीब 93 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) करीब 88 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक मई महीने में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 18 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बड़ी राहत नहीं मिली।
बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल के ताजा दाम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। यहां कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। जयपुर देश के उन शहरों में शामिल हो गया है जहां पेट्रोल 110 रुपये के पार पहुंच चुका है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल 102.05 रुपये और डीजल 99.28 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं बिहार की राजधानी पटना में पेट्रोल 112.70 रुपये और डीजल 99.87 रुपये प्रति लीटर है।
कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है।
इसके अलावा चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.53 रुपये और डीजल 89.63 रुपये प्रति लीटर है। भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। रायपुर में पेट्रोल 107.96 रुपये और डीजल 101.17 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि देहरादून में पेट्रोल 100.20 रुपये और डीजल 97.10 रुपये प्रति लीटर है।
मई में चार बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
मई 2026 में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। 15 मई को सबसे पहले करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ।
फिर 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा किया गया। इसके बाद 25 मई को पेट्रोल में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। इन लगातार बढ़ोतरी के चलते पिछले दो हफ्तों में पेट्रोल-डीजल करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।
कई राज्यों में डीजल 100 रुपये के पार
देश के कई राज्यों में डीजल की कीमतें अब 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी हैं। आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, केरल, मध्यप्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में घरेलू बाजार में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुछ राहत देखने को मिल सकती है। हालांकि फिलहाल आम आदमी महंगे ईंधन की मार झेल रहा है।