10 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम जनता पर महंगाई की नई मार

सरकारी तेल कंपनियों ने 10 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए हैं।

May 23, 2026 - 09:37
May 23, 2026 - 09:38
10 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम जनता पर महंगाई की नई मार

देशभर में लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार सुबह एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है। ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसके साथ ही CNG की कीमतों में भी 1 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी की गई है।

बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर अब सीधे भारतीय बाजार पर दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। इसका असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परिवहन लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों समेत रोजमर्रा के सामान भी महंगे हो सकते हैं।

इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को दोबारा पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ। अब शनिवार को फिर कीमतें बढ़ने से 10 दिनों के भीतर पेट्रोल-डीजल लगभग 5 रुपए तक महंगे हो चुके हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब बढ़कर 99.51 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं CNG की नई कीमत करीब 81.09 रुपए प्रति किलो हो गई है।

कुछ दिन पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा था कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह स्थिर बनी हुई है। मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील भी की थी।

चार महानगरों में पेट्रोल-डीजल के नए दाम

शहर पेट्रोल (प्रति लीटर) डीजल (प्रति लीटर)

दिल्ली ₹99.51 ₹92.49

मुंबई ₹108.49 ₹95.02

कोलकाता ₹110.64 ₹97.02

चेन्नई ₹105.31 ₹96.98

लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों ने आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में राहत नहीं मिली, तो पेट्रोल-डीजल के दामों में और बढ़ोतरी की आशंका भी बनी हुई है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।