ट्रेलर ने महिला को कुचला... 6 साल बाद प्रेग्नेंसी की खुशी मातम में बदली
कोटा-झालावाड़ NH-52 पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिसमें गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
कोटा जिले में रानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत NH-52 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। RTO ऑफिस के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 26 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका की पहचान रहनुमा निवासी मोड़क के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति मोहसिन के साथ कोटा डॉक्टर को दिखाने जा रही थी, क्योंकि शादी के 6 साल बाद पहली बार उसकी प्रेग्नेंसी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। परिवार में इस खबर से खुशी का माहौल था और हाल ही में उसके पिता ने मोहल्ले में मिठाई भी बांटी थी।
पति मोहसिन, जो नीमच में सोलर कंपनी में काम करता है, ने बताया कि वे सुबह बाइक से कोटा के लिए निकले थे। दरा क्षेत्र में जाम में फंसने के बाद जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी RTO ऑफिस के पास एक ट्रेलर ने अचानक लेन बदल दी।
मोहसिन के अनुसार, ट्रेलर ने अचानक साइड बदलकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। दोनों सड़क पर गिर पड़े और इसी दौरान ट्रेलर का पिछला टायर महिला के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। 108 एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और शव को कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया। एंबुलेंसकर्मी के अनुसार, घटनास्थल पर महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था।
रानपुर थाना ASI सतीश चंद ने बताया कि मामले में ट्रेलर की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जिसने एक खुशहाल परिवार की उम्मीदों को दर्दनाक अंत में बदल दिया।