जोधपुर में दो विवाहिताएं और एक युवक लापता: 4 साल की बेटी के साथ निकली महिला भी गायब, पुलिस ने शुरू की तलाश
जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में दो विवाहित महिलाओं और एक 23 वर्षीय युवक के लापता होने के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं।
राजस्थान के जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में एक ही दिन में दो विवाहित महिलाओं और एक युवक के लापता होने के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। तीनों मामलों में परिजनों ने संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटनाओं के बाद परिवारों में चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
4 साल की बेटी के साथ पीहर जाने निकली महिला हुई लापता
पहला मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी 24 वर्षीय पत्नी 20 मई को अपनी 4 साल की बेटी के साथ पीहर जाने के लिए घर से निकली थी।
परिजन के अनुसार वह खुद पत्नी और बेटी को भोपाल जाने वाली बस में बैठाकर आया था। लेकिन महिला अपने पीहर नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
कई दिनों तक रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बावजूद महिला और बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल जीवनराम को सौंपी गई है।
बिना बताए घर से निकली महिला का नहीं लगा सुराग
दूसरा मामला बोरानाडा थाना क्षेत्र का है। यहां एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी 29 वर्षीय पत्नी शनिवार को घर से बिना बताए कहीं चली गई।
परिवार के लोगों ने आसपास, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस प्रकरण की जांच एएसआई रामनिवास को सौंपी गई है।
बैग लेकर घर से निकला युवक भी गायब
तीसरा मामला प्रताप नगर सदर थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसका 23 वर्षीय भाई शनिवार को घर से बैग लेकर निकला था।
परिजनों के अनुसार युवक ने घर छोड़ते समय किसी विशेष स्थान पर जाने की जानकारी नहीं दी थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस कर रही तलाश
तीनों मामलों में पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। साथ ही रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द से जल्द लापता लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।