अलवर में नवविवाहित युवक का सुसाइड: शराब पीकर घर लौटा, सुबह पत्नी से झगड़ा और फिर मौत

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

May 31, 2026 - 14:47
अलवर में नवविवाहित युवक का सुसाइड: शराब पीकर घर लौटा, सुबह पत्नी से झगड़ा और फिर मौत

राजस्थान के अलवर शहर में एक नवविवाहित युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। एनईबी थाना क्षेत्र के मन्नाका रोड स्थित एक किराए के मकान में रहने वाले 23 वर्षीय निखिल राजपूत बंजारा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार निखिल मूल रूप से हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बादशाहपुर का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी के साथ अलवर के मन्नाका रोड स्थित द्वारका सिंह के मकान में किराए पर रह रहा था। करीब 9 महीने पहले ही उसने प्रेम विवाह किया था और दोनों साथ रह रहे थे।

परिजनों के मुताबिक निखिल बीती रात शराब पीकर घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि रात के विवाद के बाद रविवार सुबह भी दोनों के बीच बहस हुई थी। विवाद के दौरान निखिल इतना गुस्से में आ गया कि उसने अपना मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

कुछ देर बाद उसकी पत्नी दूध लेने के लिए घर से बाहर चली गई। इसी दौरान निखिल ने कमरे में अकेला पाकर पत्नी की चुन्नी से फंदा बनाया और फांसी लगा ली। जब पत्नी वापस लौटी तो उसने निखिल को फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक की पत्नी ने कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि निखिल पहले किसी भी प्रकार का नशा नहीं करता था, लेकिन कुछ लोगों की संगत में आने के बाद उसने शराब और अन्य नशे का सेवन शुरू कर दिया था। पत्नी का आरोप है कि कुछ युवक उसे जबरन नशा करने के लिए प्रेरित करते थे, जिसके बाद उसके व्यवहार और आदतों में काफी बदलाव आ गया था।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।