झुंझुनूं में मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, युवक ने जमीन पर सिर पटक-पटककर ली जान
झुंझुनूं के रामसर गांव में मंदिर से लौट रही 60 वर्षीय महिला की युवक ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला को जबरन घर ले गया और जमीन पर सिर पटक-पटककर मार डाला। वारदात के बाद खून से सने कपड़ों में घर के बाहर बैठा मिला आरोपी पुलिस हिरासत में है।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। पचेरीकलां थाना क्षेत्र के गांव रामसर में मंदिर से लौट रही एक बुजुर्ग महिला की युवक ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने महिला को रास्ते में रोककर जबरन अपने घर ले गया और वहां जमीन पर सिर पटक-पटककर उसकी जान ले ली।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी युवक खून से सने कपड़ों में घर के बाहर बैठा मिला। उसकी हालत देखकर परिवार और गांव के लोग दहशत में आ गए।
मंदिर से लौटते समय रोका
बुहाना डीएसपी नोपाराम भाकर ने बताया कि मृतका की पहचान कमला देवी (60) पत्नी ख्यालीराम यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 10 बजे कमला देवी घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित मंदिर गई थीं। पूजा करने के बाद जब वह वापस लौट रही थीं, तभी गांव निवासी राजेश पुत्र महासिंह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और जबरन उन्हें अपने घर के अंदर ले गया।
जमीन पर सिर पटक-पटककर हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश ने महिला के साथ बेहद बेरहमी दिखाई। उसने कमरे के अंदर कमला देवी का सिर जमीन पर कई बार पटका, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात इतनी भयावह थी कि कमरे में हर तरफ खून फैला हुआ था। महिला लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ी मिलीं।
खून से सने कपड़ों में घर के बाहर बैठा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी राजेश खून से सने कपड़ों में घर के बाहर आकर बैठ गया। उसके शरीर और कपड़ों पर खून देखकर उसकी मां नीता देवी घबरा गईं।
उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जब ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे के अंदर कमला देवी खून से लथपथ पड़ी थीं।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
सूचना मिलने के बाद पचेरीकलां थाना पुलिस और बुहाना डीएसपी नोपाराम भाकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत आरोपी राजेश को हिरासत में ले लिया।
एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी सैंपल जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुहाना अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी और उसकी मां दोनों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“आरोपी सनकी स्वभाव का है”
मृतका के भाई महावीर प्रसाद ने आरोप लगाया कि राजेश सनकी स्वभाव का युवक है और उसने बेहद बेरहमी से उनकी बहन की हत्या की है।
उन्होंने बताया कि कमला देवी का परिवार साधारण जीवन जीता है। उनके पति ख्यालीराम गांव में ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करते हैं। परिवार में दो बेटे हैं, जिनमें एक बेटा जितेंद्र दिव्यांग है जबकि दूसरा बेटा सत्येंद्र घटना के समय पचेरीकलां गया हुआ था।
गांव में पसरा मातम
इस वारदात के बाद पूरे रामसर गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी भयावह घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। लोग आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।