“जयपुर में तेज आंधी बनी जानलेवा: पोल गिरने से बाइक सवार की मौत, बुजुर्ग पर गिरी ग्रेनाइट पट्टी”
जयपुर में तेज अंधड़ के दौरान दो अलग-अलग हादसों में 2 लोगों की मौत। गांधी नगर में पोल गिरा, जवाहर सर्किल में ग्रेनाइट पट्टी बनी जानलेवा।
जयपुर में शुक्रवार शाम आए तेज अंधड़ ने दो लोगों की जान ले ली। शहर के गांधी नगर और जवाहर सर्किल इलाके में हुए दो अलग-अलग हादसों में यह दुखद घटनाएं सामने आईं। दोनों मामलों में मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाया गया है।
बाइक सवार पर गिरा बिजली का पोल
पहली घटना गांधी नगर के तुलसी मार्ग पर शाम करीब 6 बजे हुई। तेज आंधी के दौरान अचानक एक बिजली का पोल टूटकर सड़क से गुजर रहे बाइक सवार पर गिर गया।
मौके पर मौजूद 112 पुलिस वाहन के कर्मियों ने तुरंत हालात का जायजा लिया और राहगीरों की मदद से घायल को एम्बुलेंस के जरिए SMS हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रामजीलाल (50) निवासी जवाहर नगर के रूप में हुई है।
परिवार पर दोहरी त्रासदी
परिजनों के अनुसार, रामजीलाल बिजली से जुड़े काम करते थे। इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। उनके बेटे योगेंद्र महावर ने बताया कि यह परिवार के लिए दूसरा बड़ा झटका है।
करीब 15 साल पहले भी परिवार ने एक हादसे में अपने छोटे बेटे जसवंत (3) को खो दिया था, जब घर के पास एक दीवार गिरने से उसकी मौत हो गई थी। अब पिता की मौत ने परिवार को फिर से गहरे दुख में डाल दिया है। रामजीलाल के परिवार में पांच बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है।
ग्रेनाइट पट्टी गिरने से बुजुर्ग की मौत
दूसरी घटना जवाहर सर्किल इलाके में हुई। यहां एक निर्माणाधीन मकान में रखी भारी ग्रेनाइट की पट्टी तेज हवा के कारण गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। मृतक को उसी निर्माणाधीन मकान में काम करने वाला बताया जा रहा है।
अंधड़ में बढ़ा खतरा, सतर्क रहने की जरूरत
तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान इस तरह की घटनाएं खतरे को और बढ़ा देती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे समय में खुले स्थानों, कमजोर संरचनाओं और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।