अजमेर में युवक को बनाया बंधक, जूतों की माला पहनाकर किया अपमान; 6 आरोपी गिरफ्तार
अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र में शादी की रंजिश को लेकर एक युवक का अपहरण कर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर मारपीट की, जूतों की माला पहनाई और जबरन पेशाब पिलाया। मामले में पुलिस ने महिला समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान के अजमेर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के गेगल थाना क्षेत्र के गगवाना इलाके में शादी की रंजिश को लेकर एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ अमानवीय अत्याचार किया गया। आरोप है कि युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, उसके गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाई गई और जबरन पेशाब पिलाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित युवक के परिजन गेगल थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर जमकर हंगामा किया। स्थिति को संभालने के लिए ग्रामीण सीओ रामचंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शनिवार शाम करीब 7 बजे मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्पेशल टीम और अन्य पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
पीड़ित युवक जीतू ने पुलिस को बताया कि 16 मई की सुबह वह अपने ठेकेदार रफीक मोहम्मद के साथ गगवाना इलाके में खेत पर लकड़ी काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान एक पिकअप वाहन वहां पहुंचा, जिसमें सवार कुछ लोगों ने अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे जबरदस्ती वाहन में डाल लिया और साथ में लकड़ी काटने की मशीनें भी ले गए।
पीड़ित के अनुसार उसे बीर गांव ले जाकर बंधक बनाया गया। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने उसके गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाई, बाल काट दिए और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक महिला ने उसे जबरन पेशाब भी पिलाया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके परिवार को फोन कर सामाजिक विवाद के नाम पर 5 लाख रुपये देने की धमकी भी दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। वीडियो में युवक के साथ की गई बर्बरता और अपमानजनक हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं।
पुलिस ने इस मामले में प्रकाश नाथ, विक्रम, गौरवनाथ, हेमराज, देवीलाल और शायरी देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद एक महिला की दूसरी शादी को लेकर था। परिजनों के मुताबिक संबंधित युवती की पहले बीर गांव में शादी हुई थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया। कुछ महीने पहले युवती ने जीतू से शादी कर ली थी। युवती के पहले ससुराल पक्ष के लोग इस मामले को लेकर नाराज थे और जातीय पंचायत के जरिए फैसला करने की बात कह रहे थे। इसी रंजिश के चलते युवक को अगवा कर उसके साथ यह अमानवीय व्यवहार किया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना ने समाज में बढ़ती हिंसा और निजी रंजिश में कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।