बांसवाड़ा सड़क हादसे में ABVP जिला संगठन मंत्री की मौत: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, चचेरे भाई का इलाज जारी
बांसवाड़ा-परतापुर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री नरेश राठौड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर में उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के जिला संगठन मंत्री नरेश राठौड़ की मौत हो गई। हादसा गुरुवार दोपहर बांसवाड़ा-परतापुर मार्ग पर बजवाना गांव के पास हुआ था। गंभीर रूप से घायल नरेश ने शुक्रवार सुबह उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उनके चचेरे भाई मीर राठौड़ भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर
गढ़ी थानाधिकारी रमेशचंद्र के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे नरेश राठौड़ और उनके चचेरे भाई मीर राठौड़ बाइक से अपने गांव भीमसौर लौट रहे थे। इसी दौरान बजवाना गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित क्रेटा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा एक तीखे मोड़ पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क से दूर जा गिरे। दुर्घटना में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि मीर राठौड़ के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
उदयपुर रेफर करने के बाद हुई मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को संभाला और एंबुलेंस की मदद से महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया। नरेश राठौड़ के सिर में गंभीर चोटें और शरीर में अंदरूनी चोटें आई थीं। इलाज के दौरान शुक्रवार अलसुबह करीब 6 बजे गीतांजलि हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई। वहीं घायल मीर राठौड़ का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके पैर में फ्रैक्चर है और सिर में भी चोट आई है।
परिवार का इकलौता सहारा था नरेश
नरेश राठौड़ भाजपा के पूर्व एसटी मोर्चा महामंत्री धर्मेंद्र राठौड़ के भतीजे थे। वे धर्मेंद्र राठौड़ के बड़े भाई धना राठौड़ के पुत्र थे। परिवार और संगठन में नरेश की सक्रिय भूमिका थी। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों, भाजपा नेताओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई।
एबीवीपी में निभा रहे थे अहम जिम्मेदारी
जानकारी के अनुसार नरेश राठौड़ लंबे समय से एबीवीपी से जुड़े हुए थे और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वर्तमान में वे जिला संगठन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हादसे में घायल मीर राठौड़ भी एबीवीपी से जुड़े हुए हैं और संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं।
कार सवार मुंबई से लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल कार सवार मुंबई से जैन मुनि के दर्शन करने डडूका आए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार की बाइक से टक्कर हो गई। गढ़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।